सवा लाख के इनामी बदमाश को रिमांड पर लेगी दरभंगा पुलिस
दरभंगा। गुड़गांव के गिरफ्तार किए गए सवा लाख के इनामी बदमाश अहमद रजा सिद्दीकी को अब दरभगा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।
दरभंगा। गुड़गांव के गिरफ्तार किए गए सवा लाख के इनामी बदमाश अहमद रजा सिद्दीकी को अब दरभगा पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। उसके खिलाफ दरभंगा में भी कई मामला दर्ज है। जिसमें वह फरार चल रहा है। अहमद रजा सिद्दीकी इसी जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के फेकला गांव निवासी अब्दुल अजीज का पुत्र है। वह कमतौल, केवटी आदि थाना का आरोपित है। उसके खिलाफ डकैती और बम विस्फोट मामले की प्राथमिकी दर्ज है। सभी मामले में वह वर्ष 1993 से फरार चल रहा है। एसएसपी बाबू राम ने संबंधित थानाध्यक्षों को अहमद रजा सिद्दीकी को रिमांड पर लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि यहां की पुलिस उससे कई मामलों में पूछताछ भी करेगी। इसके लिए एक टीम को भेजने की बात कही गई है। बता दें कि उसे पकड़ने के लिए दिल्ली और बिहार की पुलिस ने सवा लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। 12 नवंबर 2019 को क्राइम ब्रांच पालम विहार की टीम ने उसे गिरफ्तार किया था। लूट, डकैती सहित कई अन्य वारदात को अंजाम देने के बाद जब वह गिरफ्त में नहीं आ रहा था तो दिल्ली पुलिस ने एक लाख और बिहार की पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। कट्टा के साथ पकड़े गए आरोपित के खिलाफ दिल्ली में 10 और बिहार में चार मामले दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया था कि एक मामले में उसे दस साल की सजा हो चुकी है। जबकि नौ मामलों में वह नाम और पहचान बदलकर गिरफ्तार हुआ था। उसके बाद कोर्ट में गलत दस्तावेज दिखा कर जमानत हासिल कर ली थी। उसके बाद से कभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया।