विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में दो माह से पेंशन का इंतजार, 51 हजार से अधिक पेंशनधारियों का भुगतान अटका

Published: Tue, 21 Jul 2026 03:38 PM (IST)

दरभंगा में आधार सीडिंग न होने के कारण 51,749 से अधिक पेंशनभोगियों का दो महीने से भुगतान अटका है। अधिकारियों ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. दरभंगा में 51,749 पेंशनभोगियों का भुगतान अटका।

  2. दो माह से आधार सीडिंग न होने से रुका भुगतान।

  3. लाभार्थियों से बैंक खाते को आधार से लिंक करने की अपील।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत हजारों लाभार्थियों का भुगतान आधार सीडिंग नहीं होने के कारण अटक गया है। दो माह से पेंशन नहीं मिलने से वृद्ध, दिव्यांग और विधवा पेंशनधारी कार्यालयों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। कई लाभार्थी अपने बकाया भुगतान की उम्मीद में कभी प्रखंड कार्यालय तो कभी जिला मुख्यालय पहुंच रहे हैं।

डीबीटी से हो रहा भुगतान

सामाजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक शशि कुमार ने बताया कि सभी श्रेणी की पेंशन का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया जा रहा है। जिले में लाखों लाभार्थी केंद्र और राज्य सरकार की पेंशन योजनाओं से जुड़े हैं। इनमें करीब 90 प्रतिशत पेंशनधारियों का जीवन प्रमाणीकरण और आधार सत्यापन पूरा हो चुका है।

आधार सीडिंग नहीं होने से रुका भुगतान

उन्होंने बताया कि जिन लाभार्थियों के बैंक खाते आधार से लिंक नहीं हैं या आधार, बैंक खाता अथवा आईएफएससी कोड में त्रुटि है, उनका भुगतान फिलहाल रोका गया है। अप्रैल 2026 से एनएसएपी पेंशनधारियों को आधार ब्रिज पेमेंट सिस्टम (एबीपीएस) के माध्यम से राशि भेजी जा रही है। इसलिए आधार सीडिंग अनिवार्य कर दी गई है।

जल्द कराएं बैंक खाते की आधार सीडिंग

अधिकारियों ने सभी प्रभावित लाभार्थियों से अपील की है कि वे अपने बैंक जाकर खाते को आधार से सीड करा लें। प्रक्रिया पूरी होते ही लंबित पेंशन का भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।

51,749 लाभार्थियों का भुगतान लंबित

गैर-आधार सीडिंग के कारण जिले के कुल 51,749 पेंशनधारियों का दो माह का भुगतान लंबित है। इनमें बिहार विकलांगता पेंशन के 4,644, इंदिरा गांधी विकलांगता पेंशन के 458, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्ध पेंशन के 17,105, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के 3,141, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 2,234 तथा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन के 24,167 लाभार्थी शामिल हैं।

हर माह मिलते हैं 1,100 रुपये

सरकार सभी श्रेणी के पात्र पेंशनधारियों को डीबीटी के माध्यम से प्रति माह 1,100 रुपये की पेंशन देती है। अधिकारियों का कहना है कि आधार सीडिंग पूरी होने के बाद ही लंबित राशि का भुगतान संभव हो सकेगा।