घर में अचानक होने लगे धमाके, तेज लपटाें के बीच उड़ गई छत, फिर...
बिहार के दरभंगा में एक घर में रखे गैस सिलेंडर आग लगने के कारण फटने लगे। दुर्घटना में घर की छत उड़ गई। आग से भारी नुकसान हुआ।
दरभंगा [जेएनएन]। घर में अचानक जारदार धमाके होने लगे। आग की लपटों के बीच छत उड़ गई। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। लोग डर से भागने लगे। घटना दरभंगा के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कटहलबाड़ी मोहल्ला स्थित रेल ओवरब्रिज के पास देर रात हुई। बाद में पता चला कि इसका कारण घर में रखा गैस सिलेंडर फटना था।
सिलेंडर में लगी आग से हुई दुर्घटना
बताया जाता है कि गृहस्वामी राजकुमार अपने घर व दुकान में गैस रिफिलिंग का काम करता है। तकनीकी खराबी के कारण एक सिलेंडर में आग पकड़ लिया। देखते-देखते दो और सिलेंडर धू-धू कर जलने लगे। अचानक सिलेंडर विस्फोट करने लगे। इससे घर में आग लग गई और घर का छत उड़ गया।
देखते-देखते आग की लपटें तेज हो गईं। घटना को देख लोगों ने विद्युत विभाग को सूचना देकर बिजली कटवा दी। स्थानीय लोगों की मेहनत से आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा कई घर जल कर राख हो जाते।