पंचायत समिति की बैठक में 3.87 करोड़ की योजनाएं पारित
कड़ाके की ठंड में अब तक कंबल वितरण नहीं किए जाने पर सदस्यों ने जताई नाराजगी संसू काशीचक
प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख पंकज कुमार ने की। बैठक में मनरेगा योजना के तहत सात पंचायतों के लिए 3 करोड़ 87 लाख की लागत से 506 सार्वजनिक और 374 निजी योजनाएं पारित की गई। बैठक की कार्यवाही प्रारंभ होते ही सदस्यों द्वारा कड़ाके की ठंड में अबतक कंबल वितरण नहीं किए जाने पर क्षोभ व्यक्त किया गया मगर अंचलाधिकारी उदय प्रसाद की अनुपस्थिति के कारण इस पर विशेष चर्चा नहीं हो सकी। प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी शशि कुमार ने उपस्थित सदस्यों को चालू वित्तीय वर्ष में धान खरीद के लक्ष्य और प्राप्ति से अवगत कराया। प्रखंड कल्याण पदाधिकारी राकेश रंजन ने मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना समेत आमलोगों के हित में सरकार द्वारा संचालित लाभकारी योजनाओं की बिदुवार जानकारी दी। मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारी राजीव रंजन ने सदन को बताया कि मनरेगा मद से 506 सार्वजानिक और 374 निजी यथा पशु शेड निर्माण, सोख्ता निर्माण, पौधरोपण आदि योजनाएं ली गई हैं।
बीडीओ भरत कुमार सिंह ने उपस्थित सदस्यों से आगामी 19 जनवरी को आहूत मानव श्रृंखला निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का अनुरोध किया। बैठक में उप प्रमुख मदन राम, मुखिया शंकर कुमार, प्रमोद कुमार, मनोज कुमार, सोनी कुमारी, संगीता देवी, बेबी देवी, मूंगिया देवी, पंचायत समिति सदस्य कैलाश मांझी, मो. शकील, विभा देवी समेत सभी जनप्रतिनिधि और विभागीय कर्मी मौजूद थे। संचालन प्रशिक्षु आरडीओ प्रदीप कुमार चौधरी ने किया।