सोशल साइट पर सीएम नीतीश और डीजीपी के खिलाफ अश्लील टिप्पणी, FIR दर्ज
दरभंगा में एक शख्स ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के खिलाफ अश्लील टिप्पणी की है जिसके बाद पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है औऱ उस शख्स की तलाश कर रही।
दरभंगा, जेएनएन। सोशल साइट पर मुख्यमंत्री और डीजीपी के खिलाफ अश्लील टिप्पणी करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर विधि-व्यवस्था एडिशनल एसएचओ उपेंद्र सिंह ने अपने आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अज्ञात आरोपितों पर कई संगीन आरोप लगाया गया है।
दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि उनके वहाट्सएप पर एक अनजान व्यक्ति ने 9430678460 नंबर से मैसेज किया। जिस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की गई। इसमें अभद्र भाषा व विभिन्न तरह के मैसेज के साथ कई फोटो भी भेजे गए।
इसमें असंवैधानिक व अपमानजनक शब्दों के प्रयोग के साथ बिहार की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर डीजीपी को निशाना बनाया गया है। पोस्ट में ऐसा लिखा गया कि पुलिस से तो विधि-व्यवस्था संभलती नहीं है, उल्टे चालान के नाम पर वाहन चालकों को परेशान किया जा रहा है। मैसेज में लोगों को भड़काने की कोशिश की गई है।
मैसेज में आगे लिखा है कि अगर पुलिस हाथ देकर चालान काटने के नाम पर किसी को रोकने की कोशिश करें, तो गाड़ी को सीधा उनके ऊपर चला दो। मैसेज भेजने वाले ने पुलिस को ही आतंकी बताते हुए जान मार देने की धमकी दी है। जिस नंबर से मैसेज किया गया, वह महेश कुमार शर्मा के नाम का बताया गया है।