लाभुकों के खाते में बाढ़ राहत राशि नहीं भेजने पर बिफरे विधायक, दिए कई निर्देश
दरभंगा। विधायक सुनील चौधरी ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ प्र
दरभंगा। विधायक सुनील चौधरी ने मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ प्रदीप कुमार झा के साथ समीक्षात्मक बैठक की। बैठक में विधायक ने नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 11, 12, 13 व 14 के 960 बाढ़ पीडितों के खाते में अबतक राहत राशि नहीं भेजे जाने को लेकर नाराजगी जताई। इसपर एसडीओ ने बैठक में मौजूद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजेश कुमार झा एवं बेनीपुर के अंचलाधिकारी भुवनेश्वर झा को जबाव देने को कहा। कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि उन्होंने उक्त वार्डों के 18 सौ बाढ़ पीडितों को राहत राशि उनके खाते में भेजे जाने संबंधित पत्र अंचलाधिकारी को भेजा था। अंचलाधिकारी ने बताया की 1800 बाढ़ पीडितों में से करीब 900 बाढ़ पीडितों के बैक खाते में राशि भेजी जा चुकी हैं। शेष के खाते में दो दिनों के अंदर राशि भेज दी जाएगी। सीओ ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के बाढग्रस्त पंचायतों में प्राय: सभी बाढ पीडितों के बैंक खाते में राहत की राशि भेजी जा चुकी हैं। विधायक ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को वार्डों के लोगों की विभिन्न तरह की समस्याओं को समाधान करने में किसी भी तरह की कोताही नहीं बरतने की बात भी कही। कहा कि उनके प्रयास से नगर विकास विभाग ने बेनीपुर नगर परिषद क्षेत्र के 29 वार्डों में युद्धस्तर पर विकासात्मक कार्य करवाने के लिए फंड भेजने की स्वीकृति प्रदान की थी। कार्यपालक पदाधिकारी को वार्डों को जलजमाव की समस्या से मुक्ति दिलवाने की बात भी कही। बैठक में प्रखंड प्रमुख मनोज मिश्र, वार्ड पार्षद शहजहां खातुन, अमरनाथ झा, सत्यनारायण झा, सुधांशु शेखर चौधरी आदि मौजूद थे।