मैथिली ठाकुर ने नीदरलैंड्स में बिखेरी बिहार की संस्कृति की छटा, चैती से मोहा मन
Maithili Thakur Netherlands Visit: लोक गायिका मैथिली ठाकुर नीदरलैंड्स में 'इंडेलोस इंडिया फेस्टिवल' में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने पहुंचीं, जहां इंडिया हाउस में भारतीय राजदूत कुमार तुहिन ने उनका स्वागत किया।
HighLights
मैथिली ठाकुर नीदरलैंड्स में 'इंडेलोस इंडिया फेस्टिवल' में पहुंचीं।
इंडिया हाउस में भारतीय राजदूत कुमार तुहिन ने उनका स्वागत किया।
उन्होंने पारंपरिक चैती गीत गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
डिजिटल डेस्क, दरभंगा। Maithili Thakur Netherlands Visit: प्रसिद्ध लोक गायिका और दरभंगा की अलीपुर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर इन दिनों नीदरलैंड्स के दौरे पर हैं।
वह नीदरलैंड्स में आयोजित 'इंडेलोस इंडिया फेस्टिवल' (Eindeloos India Festival) में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने पहुंची हैं।
इंडिया हाउस में विशेष स्वागत
नीदरलैंड्स पहुंचने के बाद मैथिली ठाकुर सीधे 'इंडिया हाउस' पहुंचीं, जहां भारत के राजदूत कुमार तुहिन ने उनका और उनके परिवार का आत्मीय स्वागत किया।
भारतीय राजदूत द्वारा बिहार से आए शिष्टमंडल और मैथिली ठाकुर के सम्मान में एक विशेष शाम का आयोजन किया गया था।
बिहार की संस्कृति की चर्चा
इस दौरान मैथिली ठाकुर ने उपस्थित लोगों को बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोकगीतों के पीछे छिपे भावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि किस तरह बिहार के पारंपरिक गीत लोकजीवन, रिश्तों की मिठास और संवेदनाओं को अपने भीतर समेटे हुए हैं।
चैती से मोहा मन
विशेष आयोजन के दौरान उन्होंने पारंपरिक चैती 'नैहर से केहू नहीं ऐले हो राम...' गीत प्रस्तुत कर वहां मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस गीत के माध्यम से उन्होंने शादी के बाद ससुराल गई लड़की की अपने मायके के प्रति विरह गाथा और फागुन के बाद चैत्र में अपनों के इंतजार की सुंदर अभिव्यक्ति पेश की।
दर्शकों ने की जमकर तारीफ
मैथिली ठाकुर की प्रस्तुति को सुनकर वहां मौजूद सभी अतिथि भावविभोर हो गए और उनकी गायकी की जमकर तारीफ की।
दर्शकों ने कहा कि अब तक जिन्हें टीवी पर देखा था, उन्हें सामने से सुनना और देखना एक बेहद सुखद और अद्भुत अनुभव रहा।
यह भी पढ़ें- मैथिली ठाकुर के क्षेत्र अलीनगर के CHC में उर्दू में नामपट्ट लगाने की मांग, सियासत की आहट
