एलएनएमयू पीएचडी नामांकन साक्षात्कार 11 से 17 सितंबर तक, हिंदी में सबसे अधिक 195 सीटें
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में पीएचडी नामांकन के लिए साक्षात्कार 11 से 17 सितंबर तक होंगे, जिसमें कुल 1,756 अभ्यर्थी ...और पढ़ें

ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, दरभंगा। LNMU PhD Admission: ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में पीएचडी में नामांकन का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार की तिथियां जारी कर दी गई हैं।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, पीएचडी प्रवेश परीक्षा (पैट-20204) उत्तीर्ण तथा विभिन्न परीक्षाओं व योग्यताओं के आधार पर लिखित परीक्षा से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 11 से 17 सितंबर तक होगा। साक्षात्कार में कुल 1,756 अभ्यर्थी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
22 अगस्त से काल लेटर
साक्षात्कार में शामिल होने वाले अभ्यर्थी 22 अगस्त से विश्वविद्यालय के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से अपना इंटरव्यू काल लेटर आनलाइन डाउनलोड कर रहे हैं।
अभ्यर्थियों के लिए साक्षात्कार के समय काल लेटर का प्रिंटआउट, सभी शैक्षणिक प्रमाणपत्र, शोध प्रस्ताव और संबंधित दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय की ओर से साक्षात्कार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विश्वविद्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, साक्षात्कार में शामिल होने वाले 1,756 अभ्यर्थियों में 831 प्रवेश परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी हैं। वहीं नेट, जेआरएफ या अन्य नियमानुसार लिखित परीक्षा से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों की संख्या 925 है।
हिंदी में 195 सीटें
विभिन्न संकायों एवं विषयों के जारी विवरण के अनुसार, इस बार सबसे अधिक 195 सीटें हिंदी विषय में उपलब्ध हैं। हिंदी में साक्षात्कार के लिए 102 दावेदार हैं, जिनमें 15 पैट उत्तीर्ण और 87 छूट प्राप्त श्रेणी के अभ्यर्थी शामिल हैं। इतिहास में 229 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होंगे, जिनमें 81 पैट उत्तीर्ण और 148 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं।
कामर्स में 223 अभ्यर्थी हैं, जिनमें 141 पैट उत्तीर्ण और 82 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं। रसायन शास्त्र में 132 अभ्यर्थी हैं, जिनमें 116 पैट उत्तीर्ण और 16 छूट प्राप्त हैं। शिक्षाशास्त्र में 130 अभ्यर्थियों में 49 पैट उत्तीर्ण और 81 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं।
अन्य विषयों में दावेदार
राजनीति विज्ञान में 127 अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होंगे। इनमें आठ पैट उत्तीर्ण और 119 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं। अंग्रेजी में 111 अभ्यर्थियों में 38 पैट उत्तीर्ण और 73 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं। भूगोल में 77 अभ्यर्थियों में 34 पैट उत्तीर्ण और 43 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं।
मनोविज्ञान में 63 अभ्यर्थी हैं, जिनमें 35 पैट उत्तीर्ण और 28 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं। प्रबंध अध्ययन में 59 अभ्यर्थियों में 35 पैट उत्तीर्ण और 24 छूट प्राप्त हैं। भौतिकी में 52 अभ्यर्थी हैं, जिनमें 36 पैट उत्तीर्ण और 16 छूट प्राप्त श्रेणी के हैं।
पारदर्शी तरीके से होगा साक्षात्कार
विश्वविद्यालय प्रशासन ने साक्षात्कार के शांतिपूर्ण और पारदर्शी संचालन के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। कुलसचिव एवं परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि साक्षात्कार बोर्ड की ओर से पारदर्शी तरीके से अंकों का निर्धारण किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को समय से काल लेटर डाउनलोड कर निर्धारित केंद्र और समय पर सभी मूल दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
