Darbhanga News: भूमि विवाद में हुई थी मासूम आयुष की हत्या, सिर पर गहरे चोट के निशान
जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर शेरपुर दरगाह टोला में मासूम आयुष की नृशंस हत्या के पीछे भूमि विवाद कारण के तौर पर सामने आया है। इस मामले में आयुष की मां गुलाब उर्फ गुलबिया देवी ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
दरभंगा, जागरण संवाददाता। जिले के सकतपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर शेरपुर दरगाह टोला में मासूम आयुष की नृशंस हत्या के पीछे भूमि विवाद कारण के तौर पर सामने आया है। इस मामले में आयुष की मां गुलाब उर्फ गुलबिया देवी ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें बुलंती देवी के अलावा उसके पति वासुदेव चौपाल, बहू अर्चना देवी, पुत्र रामस्वरूप चौपाल और गोविंद चौपाल शामिल हैं।
दूसरी ओर, शव के पोस्टमार्टम के दौरान सिर पर कुंद हथियार के जख्म मिले हैं। सिर के अंदर अधिक रक्तश्राव के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। शरीर पर सुई चुभोने के निशान नहीं मिले हैं। विसरा जांच के लिए पटना भेजा गया है।
26 सितंबर को हुआ था लापता
पुलिस को गुलाब ने बताया है कि उनका ढाई वर्षीय पुत्र आयुष 26 सितंबर को दिन के एक बजे अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन पर भी नहीं मिला। अगले सुबह 27 सितंबर को बुलंदी के घर से उसका शव मिला। पुत्र की हत्या गला दबाकर की गई है। कहा कि घटना से पहले जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी थी। गांव में दो कट्ठा पांच धूर जमीन को लेकर विवाद है।
प्राथमिकी दर्ज करने के साथ घटना के बाद फरार होकर मायके घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पाली में जाकर छिपी अर्चना को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपित बुलंती को पहले ही पकड़ा जा चुका है। मंगलवार को बच्चे का शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी थी। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके होश में आने के बाद पूछताछ की जाएगी।
बुलंती के घर में ही शव को दफनाने की कोशिश
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार की देर रात आयुष का शव आने के बाद एक बार फिर स्वजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आयुष के शव को आरोपित बुलंती देवी के घर में ही दफनाने की जिद करने लगे। हालांकि स्थानीय लोग व पुलिस की सूझबूझ के बाद शव की अंत्येष्टि श्मशान में की गई। इस बीच अर्चना की गिरफ्तारी के बाद थाने पर लोगों की भीड़ उमड़ी। हालांकि, उसे सुरक्षा के लिहाज से बहेड़ा थाने में रखा गया। पूछताछ में अर्चना कोई भी ठोस जानकारी नहीं दे पाई है।
जादू-टोना का आरोप लगा पूजा घर की तलाशी
घटना की मुख्य आरोपित बुलंती देवी पर स्थानीय लोग जादू-टोना करने का आरोप लगातार लगा रहे हैं। घटना के बाद उसके गोसाई (पूजा) घर की तलाशी के दौरान कई तरह की प्रतिमा, पुतले, चूड़ी आदि मिले। पुलिस इन सभी चीजों की गहराई से पड़ताल कर रही है। थानाध्यक्ष किशोर कुणाल झा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई। घटना में भूमि विवाद की बात सामने आई है।
पटना गया विसरा, छह सप्ताह में आएगी रिपोर्ट
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार ने बताया कि आयुष के शव का पोस्टमार्टम दरभंगा मेडिकल कालेज के फारेंसिक मेडिसिन एंड टाक्सिकोलाजी विभाग में मंगलवार को किया गया। सिर पर कुंद हथियार के गहरे जख्म मिले हैं। सिर के अंदर अधिक रक्तश्राव के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है। चिकित्सक मौत के सभी पहलुओं पर जांच कर रहे हैं। जांच के लिए बच्चे का विसरा पटना भेजा गया है। वहां से छह सप्ताह में रिपोर्ट मिलने की जानकारी दी गई है। मुख्य आरोपित महिला के होश में आने के साथ उसका बयान दर्ज किया जाएगा। फारेंसिक और पोस्टमार्टम रिपोर्ट देखने के बाद ही सारी बातें साफ होंगी।