क्विज प्रतियोगिता से अतिरिक्त ज्ञान में होती वृद्धि
सिलेबस से अतिरिक्त जानकारियां भी विद्यार्थियों को होनी चाहिए। मौखिक क्विज प्रतियोगिता जहां अतिरिक्त ज्ञान में वृद्धि करता है। इससे विद्यार्थी का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
दरभंगा । सिलेबस से अतिरिक्त जानकारियां भी विद्यार्थियों को होनी चाहिए। मौखिक क्विज प्रतियोगिता जहां अतिरिक्त ज्ञान में वृद्धि करता है। इससे विद्यार्थी का आत्मविश्वास भी बढ़ता है। इस तरह की गतिविधियों से विद्यार्थियों का सामूहिक विकास होता है। इसलिए, क्विज प्रतियोगिता को सफलता की कुंजी भी माना गया है। उक्त बातें लनामिवि के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. एके बच्चन ने कही। स्वयंसेवी संस्था डॉ. प्रभात दास फाउंडेशन एवं अंग्रेजी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विभाग में अध्ययनरत तीनों सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बताया कि भाषा से ही व्यक्तित्व का ज्ञान होता है। अंग्रेजी सार्वभौमिक भाषा है, पर इसके साथ ही अन्य विषयों का नॉलेज भी अंग्रेजी के छात्रों को जरूर होना चाहिए। तभी वे जीवन में सफलता प्राप्त कर सकते है। पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. अरूणिमा सिंहा ने कहा कि उच्चतर शिक्षा की डिग्री तभी सार्थक होती है, जब संबंधित विषय का संपूर्ण ज्ञान होता है। डॉ. पुनीता झा एवं डॉ. कुलानंद यादव ने क्विज प्रतियोगिता को सामयिक गतिविधि करार देते हुए बताया कि इससे कम समय में सामूहिक रूप से अधिक ज्ञान बच्चों को प्राप्त होता है। प्रतियोगिता के लिए पीजी अंग्रेजी में अध्ययनरत सभी छात्र-छात्राओं को कुल चौदह ग्रुपों में विभाजित किया गया था। जिसमें से ग्रुप 6 ने प्रथम स्थान, ग्रुप 7 ने द्वितीय स्थान और ग्रुप 1 ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्विज प्रतियोगिता का संचालन प्रो. कृष्णानंद मिश्र ने किया। फाउंडेशन के सचिव मुकेश कुमार झा ने प्रतियोगिता के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता में कुल 80 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मौके पर राजकुमार गणेशन, अनिल कुमार सिंह, मनीष आनंद, शिवशंकर कुमार, ऋचा कुमारी, कनक कुमारी, ऋतु भारद्वाज, पप्पू प्रभाकर, सुशांत कुमार, विकास कुमार आदि मौजूद रहे।
---------------------------