मिथिला की बदहाली दूर करेगी हरियाली
मिथिला क्षेत्रीय वन प्रमंडल की ओर से इस बार दरभंगा व मधुबनी जिले में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण की योजना है।
दरभंगा। मिथिला क्षेत्रीय वन प्रमंडल की ओर से इस बार दरभंगा व मधुबनी जिले में व्यापक पैमाने पर पौधरोपण की योजना है। ताकि हरियाली के माध्यम से यहां की बदहाली को दूर किया जा सके। किसानों में समृद्धि आए इस वित्तीय वर्ष में मधुबनी व दरभंगा जिले के किसानों के बीच 2 लाख 55 हजार पौधे निश्शुल्क बांटे जाएंगे। वह भी नि:शुल्क। साथ ही तीन वर्षों तक इन पौधों के रखरखाव के लिए राशि भी दी जाएगी। उसके बाद पेड़ आपका। दस साल बाद आप लाखों के मालिक हो जाएंगे। मिथिला वन प्रमंडल के डीएफओ राम कुमार झा ने कहा कि पौधरोपण को बढ़ावा देने के लिए 20 जुलाई से वन महोत्सव का आयोजन किया गया है जो 30 जुलाई तक चलेगा। मुख्यमंत्री कृषि वाणिकी निजी पौधशाला (अन्य प्रजाति) के तहत दरभंगा व मधुबनी जिले के 15 किसानों का चयन नर्सरी के लिए करना है। प्रत्येक नर्सरी में 20000 पौधे लगाए जाएंगे। इस प्रकार 3 लाख पौधे तैयार होंगे। जिसे बाद में किसानों के बीच निश्शुल्क बांटे जाएंगे।
एक एकड़ के लिए मिलेंगे 400 पौधे मिथिला वन प्रमंडल के डीएफओ ने बताया कि इच्छुक किसानों को एक एकड़ के लिए 400 पौधे मिलेंगे। इन पौधों का रखरखाव संबंधित किसानों को करना है। एक साल बाद जितने पौधे बच जाएंगे, प्रति जीवित पौधा दस रुपये मिलेंगे। दूसरे वर्ष भी प्रति जीवित पौधा दस रुपये मिलेंगे। तीसरे वर्ष प्रति जीवित पौधे 15 रुपये मिलेंगे। इसके बाद ये पौधे किसानों के हो जाएंगे। इन पेड़ों के पौधे मिलेंगे शीशम, कदम, गमहार, छतवन, मोहगनी, यूकिलिफ्टस, सागवान आदि।
कोट
हरियाली के लिए यह राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। किसान इसका लाभ उठाएं। वन विभाग हर संभव मदद के लिए तैयार है। मुख्यमंत्री कृषि वाणिकी निजी पौधशाला अन्य प्रजाति योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि तीन साल तक पौधों के रखरखाव के लिए प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
-राम कुमार झा, डीएफओ, दरभंगा