LNMU के दीक्षा समारोह में बोले राज्यपाल- पढ़ाई में अब नहीं चलेगा पैसे का खेल
लनामिविवि के आठवें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल सह कुलाधिपति सत्यपाल मलिक ने कहा कि बीएड की पढ़ाई में अब पैसे का खेल नहीं चलेगा। केंद्रीकृत परीक्षा होगी।
दरभंगा [जेएनएन]। बिहार के राज्यपाल सह कुलाधिपति सत्यपाल मलिक ने कहा कि सूबे में बीएड एजुकेशन का बड़ा कारोबार फैला है। पैसे का खेल होता है। हमारे कई साथी नेतागण भी इसमें शामिल हैं। परीक्षा में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होती है। अब यह नहीं चलेगा। बीएड में प्रवेश के लिए केंद्रीकृत परीक्षा होगी। इसमें उत्तीर्ण छात्रों को ही दाखिला मिलेगा। इस व्यवस्था से काफी लोगों की तकलीफ हुई है। लेकिन, मैं किसी से डरनेवाला नहीं हूं। मुझे राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का समर्थन हासिल है। वे रविवार को डॉ. नागेंद्र झा स्टेडियम में आयोजित ललित नारायण मिथिला विवि के आठवें दीक्षांत समारोह को बतौर अध्यक्ष संबोधित कर रहे थे।
कुलाधिपति ने कुलपतियों एवं शिक्षकों से उच्च शिक्षा में सुधार का आह्वान किया। कहा कि राजभवन आपका है। उसके दरवाजे आपके लिए चौबीस घंटे खुले हैं। राजभवन के नाम पर किसी से भी डरने की जरूरत नहीं है। कोई दिक्कत हो तो सीधे संपर्क करिए। इन सबके बावजूद यदि आप शिक्षा व्यवस्था को सुधार नहीं कर पाते तो आपका भगवान ही मालिक है।
वैशाली एवं लिच्छवी गणराज्य की चर्चा करते हुए कहा कि बिहार का अतीत देश का स्वर्णिम इतिहास है। इससे पूर्व उन्होंने 25 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल से नवाजा। समारोह में प्रसिद्ध वैज्ञानिक डा. मानस बिहारी वर्मा व लोकगायिका शारदा सिन्हा को डॉक्टरेट की उपाधि दी गई। वहीं, लनामिविवि के अंग्र्रेजी विभाग की प्राध्यापिका प्रतिभा गुप्ता को डि.लिट की उपाधि दी गई।
मिथिला विद्वानों की धरती
शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन प्रसाद वर्मा ने कहा कि मिथिला प्राचीन काल से विद्वानों की भूमि रही है। आज भी यह धरती सांस्कृतिक धरोहर का केंद्र बिंदु है। यहां के छात्रों ने प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिथिला का मान बढ़ाया है।
सतत मेहनत करें छात्र
मुख्य वक्ता रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विवि, झांसी के कुलाधिपति प्रो. पंजाब ङ्क्षसह ने कहा कि देश के छात्र दुनियाभर में अपनी प्रतिभा का जलवा दिखा रहे हैं। छात्रों को अपने को किसी से कम नहीं मानते हुए सतत मेहनत करते रहनी चाहिए।
सत्र नियमित करने का भरोसा
वीसी प्रो. सुरेंद्र कुमार सिंह ने अतिथियों के स्वागत के क्रम में विवि में छात्र संघ चुनाव कराने के साथ ही शैक्षणिक सत्र नियमित कराने का भरोसा कुलाधिपति को दिलाया। मंच पर कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विवि के वीसी प्रो. सर्वनारायण झा, प्रोवीसी प्रो. जय गोपाल(लनामिविवि),प्रो. वीपी सिंह (कासिदसंविवि), कुलसचिव प्रो. मुस्तफा कमाल अंसारी, राज्यपाल के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा के अलावा विधायक संजय सरावगी, फैयाज अहमद, विधान पार्षद दिलीप कुमार चौधरी, सुनील सिंह, पूर्व विधान पार्षद प्रो. विनोद कुमार चौधरी, मेयर वैजयंती खेडिय़ा सहित कई पूर्व कुलपति मौजूद थे।