बाढ़ में डूबे चचेरे भाई, एक का मिला शव
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बलहा गांव में शुक्रवार को बाढ़ में नहाने के दौरान चचेरे भाईं डूब गए। जिसमें एक की मौत हो गई।
दरभंगा। कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के बलहा गांव में शुक्रवार को बाढ़ में नहाने के दौरान चचेरे भाईं डूब गए। जिसमें एक की मौत हो गई। दूसरे की तलाश जारी है। उक्त गांव के रामदेव राम के पुत्र दशरथ राम (13 वर्ष), संजय राम के पुत्र गोविद राम (12 वर्ष) एवं बिहारी महतो (12 वर्ष) गांव से पश्चिम सड़क पर बने पुलिया में पानी में छलांग लगाए और स्नान करने लगे। इस दौरान तीनों किशोर पानी के तेज धारा में बहने लगे। वहां से गुजर रहे राहगीर ने बिहारी महतो को पानी से बाहर निकला लिया। जबकि, दशरथ राम और गोविद राम पानी के तेज धारा में बह गए और डूबने से एक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच कर दोनों डूबे हुए किशोरों को खोजने में जुट गए। खोज बीन के क्रम में दशरथ की लाश तो मिली, लेकिन गोविद का पता नहीं चला। इसके बाद घटना की सूचना सीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव एवं थानाध्यक्ष मनीष कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही सीओ एवं थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे और पूर्वी प्रखंड से एसडीआरएफ की टीम को बुलाकर गोविद के शव की खोज शुरू की, लेकिन वह अब तक मिल ना सका है। सीओ व थानाध्यक्ष घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। इधर, घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप