विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में बेटी के घर आई थीं मां, सुबह सड़क पार करते समय हादसे में चली गई जान

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Dharmendra Singh
Published: Wed, 07 Oct 2026 04:27 PM (IST)

दरभंगा में बेटी के घर आई 72 वर्षीय चंद्रकला देवी की बुधवार सुबह सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. 72 वर्षीय चंद्रकला देवी की सड़क हादसे में मौत।

  2. दरभंगा-पुपरी मुख्य सड़क पार करते समय हुआ हादसा।

  3. पुलिस अज्ञात वाहन और फरार चालक की तलाश में।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। बेटी के घर मंगलवार शाम आईं 72 वर्षीय चंद्रकला देवी को क्या पता था कि अगली सुबह सड़क पार करना उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। शौच के लिए घर से निकलीं वृद्धा दरभंगा-पुपरी मुख्य सड़क पार कर रही थीं, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया।

हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मृतका की पहचान मब्बी थाना क्षेत्र के सिमरा नेहालपुर गांव निवासी स्व. रामविलास साह की पत्नी चंद्रकला देवी के रूप में हुई है। वह मंगलवार शाम ही अपनी पुत्री सुनीता देवी के घर कटासा आई थीं।

सड़क पार करते समय तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर

बताया गया कि बुधवार सुबह चंद्रकला देवी शौच के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान दरभंगा-पुपरी मुख्य सड़क पार करते समय तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरातफरी

घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। वृद्धा को सड़क पर पड़ा देख आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरातफरी की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।

पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपा शव

पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। चंद्रकला देवी के पति रामविलास साह का करीब सात वर्ष पूर्व निधन हो चुका था।

मां की मौत से परिवार में मचा कोहराम

वृद्धा की सड़क हादसे में मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बेटी के घर आई मां की अचानक मौत से सुनीता देवी और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

सीसी कैमरों से वाहन की तलाश

इधर, पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर भी वाहन का सुराग तलाशने का प्रयास किया जा रहा है।