घोड़ा पर सवार हो आएंगी मैया, भैंसा पर करेंगी प्रस्थान
वसंती नवरात्र की तैयारियां पूरी हो चुकी है। आज कलश स्थापना है। इस बार आठ दिनों तक मां शेरावली विराजेंगी और नौवें दिन उनकी यात्रा होगी।
दरभंगा । वसंती नवरात्र की तैयारियां पूरी हो चुकी है। आज कलश स्थापना है। इस बार आठ दिनों तक मां शेरावली विराजेंगी और नौवें दिन उनकी यात्रा होगी। पंडितों के अनुसार यह शुभ फलदायक नहीं है। कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के वेदाचार्य डॉ. विद्येश्वर झा ने कहा कि इस बार मां शारदे का आगमन व प्रस्थान, दोनों अशुभफलदायक है। मैया का आगमन इस बार घोड़ा पर है। इसका फल छत्र भंग होता है, यानी की सत्ता में कमजोरी या उलटफेर की संभावना बन सकती है। मैया इस बार भैंसा पर प्रस्थान करेगी जिससे प्राकृतिक प्रतिकूलता व बिमारियों के प्रकोप में वृद्धि होगी। कलश स्थापना के मुहूर्त पर डॉ. झा ने कहा कि शनिवार को सूर्योदय के डेढ़ घंटे बाद यानी की 7.25 बजे के बाद पूर्वाह्न में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त है। मैया का शनिवार को आगमन और रविवार को प्रस्थान शुभ फल नहीं देगा। डॉ. झा ने बताया कि बेलन्योती 11 अप्रैल को होगी। 12 अप्रैल को पत्रिका प्रवेश व प्रतिमा में नेत्रदान होगा। 12 को ही रात में निशा पूजा होगी। 13 को महाष्टमी व रामनवमी मनाई जाएगी। 14 अप्रैल को विजयादशमी होगी जिस दिन माता यात्रा करेंगी। डॉ. झा ने कहा कि इस साल चैत शुक्ल प्रतिपदा शनिवार को है। देवी अराधना के लिए आवाहन व विसर्जन का उपयुक्त समय प्रात: काल होता है। यह शास्त्रीय विधान है। इधर, पूजा को लेकर शहर में जगह-जगह पंडालों को अंतिम रूप देने में पूजा समिति के लोग दिन भर जुटे रहे। शहर में मैया के गीत बजने लगे हैं। पूरा माहौल भक्तिमय बनता जा रहा है। ----------कई जगहों पर हो रही पूजा :शहर में शारदीय नवरात्रा की अपेक्षा वासंती नवरात्रा कम जगहों पर मनाई जाती है। हसन चौक, लहेरियासराय चट्टी चौक, कुंवर सिंह कॉलेज के निकट,रहमगंज, औझौल, सिनुआर गोपाल आदि जगहों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर धूमधाम से पूरे नवरात्रा में पूजा-अर्चना की जाती है। इन जगहों परतैयारी को अंतिम रूप देने में लोग जुटे हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ, शहर के प्रमुख मंदिरों मां श्यामा काली मंदिर, कंकाली मंदिर, मलेच्छ मर्दिनी मंदिर, सैदनगर काली स्थान, कबिलपुर स्थित महामंगला काली मंदिर, पुलिस लाइन स्थित दुर्गा मंदिर आदि जगहों पर विशेष पूजा अर्चना की जाएगी। शुक्रवार को रहमगंज में पूजा समिति की ओर से कलश शोभायात्रा निकाली गई। नवयुवकों की टोली मां के जयकारे लगाते हुए उत्साह के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए।