कुहासे के कारण फोरलेन पर पलटी बस, एक की मौत, 10 से ज्यादा गंभीर
कुहासे के कारण यात्रियों से भरी बस दरभंगा-सकरी फोरलेन पर पलट गई। इस दुर्घटना में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं करीब 10 से ज्यादा गंभीर रूप से घायल हैं।
दरभंगा [जेएनएन]। बिहार के दरभंगा-सकरी फोरलेन के जीवछ घाट के पास रविवार की अहले सुबह यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। इससे एक यात्री की मौत हो गई। जबकि, दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है कि पटना से यात्रियों से भरी समीर ट्रैवल्स नामक बस मधुबनी जा रही थी। लेकिन, कुहासा रहने के कारण बस फोरलेन के नीचे चली गई। घटना में मधुबनी जिले के लौकहा थानाक्षेत्र के मधपुर गांव निवासी 50 वर्षीय बबुआन साह की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। जबकि, दस यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बस से शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा। सदर थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मृतक के पास से बरामद कागजात से उसकी शिनाख्त हुई है। घटना की सूचना उसके परिजन को दी गई।
मृतक बबुआन साह दिल्ली के गुरूग्राम में पेंटिंग का काम करता था। उसकी छह संतानों में पांच पुत्री व एक पुत्र हैँ। वह गुरुग्राम से रविवार को पटना पहुंचा था। रात्रि के 12 बजे मधुबनी जाने के लिए बस पर बैठा था। इसी बीच सुबह के 4 बजे जीबछ घाट के पास अचानक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। थानाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद ने बताया कि पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया है।