दरभंगा में युवक से पिस्टल के बल पर सोने की चेन लूटी, अब थाना तय करने में उलझी पुलिस
दरभंगा में एसएच 56 पर एक युवक से पिस्टल के बल पर सोने की चेन और नकदी लूट ली गई। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
युवक से पिस्टल के बल पर सोने की चेन लूटी गई।
बदमाश पल्सर बाइक पर सवार होकर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस घटनास्थल का थाना क्षेत्र तय करने में उलझी हुई है।
संवाद सहयोगी, बिरौल (समस्तीपुर)। एसएच 56 पर पिस्टल के बल पर युवक से सोने की चेन और रुपये लूटने की शिकायत ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। बदमाश वारदात के बाद फरार हो गए, अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जिस जगह लूट हुई, वह किस थाना क्षेत्र में आता है। घटनास्थल की जांच के बाद ही प्राथमिकी दर्ज करने को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।
ओवरटेक कर स्कूटी सवार को रोका
कुशेश्वरस्थान थाना क्षेत्र के नदियामी गांव निवासी आदिल कुमार सिंह ने बिरौल थाना में शिकायत दी है। उसने बताया कि सोमवार शाम करीब पांच बजे वह स्कूटी से दरभंगा से अपने गांव लौट रहा था। बिशनपुर-सिसौनी के बीच नट बाबा मोड़ के पास पल्सर बाइक सवार दो युवकों ने ओवरटेक कर उसकी स्कूटी रोक दी।
पिस्टल दिखाकर चेन और रुपये छीने
पीड़ित के अनुसार, बाइक सवार युवकों ने पिस्टल दिखाकर उसके गले से करीब 20 ग्राम की सोने की चेन उतार ली। इसके बाद जेब से एक हजार रुपये भी ले लिए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों बदमाश पल्सर बाइक से सुपौल बाजार की ओर फरार हो गए। अचानक हुई इस घटना से युवक काफी घबरा गया।
घटनास्थल की जांच में जुटी पुलिस
शिकायत मिलने के बाद बिरौल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और घटनास्थल पर जांच टीम भेजी। पुलिस ने वारदात की जगह, आसपास की स्थिति और घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस यह भी देख रही है कि पीड़ित ने जिस स्थान को घटनास्थल बताया है, वह वास्तव में किस थाना क्षेत्र में आता है।
बिरौल या घनश्यामपुर, तय होगी प्राथमिकी
थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की पुष्टि की गई है। घटनास्थल की जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि प्राथमिकी बिरौल थाना में दर्ज होगी या घनश्यामपुर थाना में। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित थाना में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
