मखाना फोड़ने बंगाल गया दरभंगा का साजन, गले में रस्सी बंधी मिली लाश
दरभंगा का 18 वर्षीय साजन पासवान मखाना फोड़ने बंगाल गया था, जहां उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। गले ...और पढ़ें

बेनीपुर के 18 वर्षीय युवक साजन की फाइल फोटो।
HighLights
दरभंगा का 18 वर्षीय युवक बंगाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिला।
मृतक के गले में रस्सी बंधी मिली, परिजनों को हत्या का शक।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू की, न्याय की मांग।
संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। रोजगार की तलाश में बंगाल गया 18 वर्षीय युवक जिंदगी की जगह मौत का ऐसा रहस्य छोड़ गया, जिसने स्वजन को झकझोर दिया है।
हरिश्चंद्रपुर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सामने आई तस्वीरों में उसके गले में रस्सी बंधी दिखाई दे रही है। इसके आधार पर स्वजन ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मखाना फोड़ने के लिए गया था बंगाल
बहेड़ा थाना क्षेत्र के भेड़ियाही टोला, वार्ड संख्या-12 निवासी सिधेश्वर पासवान का पुत्र साजन पासवान मजदूरी करता था। परिवार के भरण-पोषण में सहयोग के लिए वह काम की तलाश में रहता था।
स्वजन के अनुसार, 30 जुलाई को बेनीपुर नवटोलिया निवासी इंदल साहनी एवं मेघा देवी उसे मखाना फोड़ने के काम के लिए पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के हरिश्चंद्रपुर ले गए थे।
उसी शाम मिली मौत की सूचना
स्वजन ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि बंगाल पहुंचने के कुछ ही घंटे बाद उसी दिन शाम करीब पांच बजे उन्हें सूचना मिली कि साजन की हत्या कर दी गई है। अचानक मिली इस सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद स्वजन पश्चिम बंगाल पहुंचे और संबंधित थाना पुलिस से साजन का शव प्राप्त किया।
तस्वीरों ने बढ़ाया संदेह
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद स्वजन को घटनास्थल से संबंधित कुछ तस्वीरें एवं अन्य साक्ष्य मिले। आवेदन के अनुसार, तस्वीरों में साजन के गले में रस्सी बंधी दिखाई दे रही है। इसी आधार पर स्वजन ने उसकी मौत को सामान्य नहीं मानते हुए हत्या की आशंका जताई है।
साथ ले जाने वाले दोनों नहीं लौटे
स्वजन ने आवेदन में एक और गंभीर पहलू का उल्लेख किया है। आरोप है कि साजन को काम के लिए बंगाल ले जाने वाले इंदल साहनी और मेघा देवी घटना के बाद उनके साथ बिहार वापस नहीं लौटे। स्वजन ने दोनों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच
साजन के पिता ने बहेड़ा थानाध्यक्ष को आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने, आरोपितों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। बहेड़ा थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि आवेदन मिला है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
