दरभंगा में बंद कमरे से मिली मां की सिर कटी लाश, घर में बंद मिला बेटा
दरभंगा के जैतुका गांव में एक विवाहिता का सिर और धड़ से अलग शव बंद कमरे में मिला। पति गायब ...और पढ़ें

महिला की फाइल फोटो और घटना स्थल पर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस।
HighLights
दरभंगा के जैतुका गांव में विवाहिता का सिर कटा शव मिला।
घटना के बाद से पति रामसुफल चौपाल गायब है।
पुलिस ने खून से सने हथियार बरामद कर जांच शुरू की।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। बिहार में दरभंगा के जैतुका गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक घर से बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने अंदर का नजारा देखा।
कमरे में विवाहिता का शव सिर और धड़ से अलग पड़ा था, जबकि घर का दरवाजा बाहर से बंद था। पति गायब मिला और नाबालिग बेटा कमरे में बंद था। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत है।
बच्चे की चीख से खुला हत्या का राज
दरभंगा जिले के वाजिदपुर थाना क्षेत्र के जैतुका गांव में गुरुवार सुबह बंद कमरे से बच्चे के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। बाहर से बंद कुंडी खोलकर जब लोग अंदर दाखिल हुए तो विवाहिता प्रमिला देवी का शव सिर और धड़ से अलग पड़ा मिला। यह दृश्य देख पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
घर से पति गायब, बेटा मिला बंद
घटना के समय मृतका का पति रामसुफल चौपाल घर पर नहीं मिला। वहीं, उसका नाबालिग पुत्र घर के एक कमरे में बंद था। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकाला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बुधवार शाम पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था।
खून से सने हथियार बरामद
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से खून से सनी टेंगारी और हंसिया बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर वैज्ञानिक जांच के लिए सुरक्षित कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मायके वालों ने जताया संदेह
मृतका के मायके बहेड़ी थाना क्षेत्र के मोलवी गांव से पहुंचे पंचायत समिति सदस्य अनील कुमार ने बताया कि हत्या किसने की, इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन घटना के बाद से पति फरार है। उन्होंने कहा कि सुबह बच्चे की चीख सुनकर ही ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली।
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फरार पति की तलाश के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद ही हत्या की वजह और आरोपित की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
