दरभंगा में मामा ने भांजे को अगवा कर जंगल में बांधा, एक लाख मांगी फिरौती, बोला-‘अब मत मारो मामू’
दरभंगा में मामा ने अपने 19 वर्षीय भांजे का अपहरण कर एक लाख रुपये की फिरौती मांगी। पुलिस ने युवक ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
HighLights
मामा ने 19 वर्षीय भांजे अभिषेक का अपहरण किया।
फिरौती में एक लाख रुपये की मांग की गई।
पुलिस ने मधुबनी के जंगल से सकुशल बरामद किया।
संवाद सहयोगी, घनश्यामपुर (दरभंगा)। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के पोहद्दी बेला गांव से 30 अगस्त को अपहृत 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने मधुबनी जिले से सकुशल बरामद कर लिया।
मामले में पुलिस ने अपहृत युवक के मामा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाइन गांव निवासी राम कुमार ने अपने भांजे अभिषेक कुमार देव का पोहद्दी हाईस्कूल के पास से बाइक से अपहरण कर लिया।
इसके बाद वह उसे मधुबनी जिले के आरएस थाना क्षेत्र के बलभछरपुर स्थित अपने ससुराल ले गया। वहां पास के जंगल में अभिषेक को बांधकर रखा।
घटना के दिन शाम में आरोपित ने अपनी बहन रीना देवी को वीडियो काल कर बेटे को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी। उसने अभिषेक की रिहाई के बदले एक लाख रुपये की फिरौती मांगी और रुपये नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी।
वीडियो काल के दौरान रीना देवी ने बेटे के रोने की आवाज सुनी। अभिषेक मामा से कह रहा था, ‘‘अब मत मारो मामू।’’ इसके बाद रीना देवी ने घनश्यामपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित के घर पर छापेमारी की। वहां उसके नहीं मिलने पर पुलिस को जानकारी मिली कि वह अपने ससुराल में है। इसके बाद स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर राम कुमार को उसके ससुराल से गिरफ्तार कर लिया गया।
उसकी निशानदेही पर पास के जंगल में बंधक बनाए गए अभिषेक को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
उसने पुलिस को बताया कि उसका भांजा मानसिक रूप से बीमार था, जिसका मुंबई में पैसे खर्च कर इलाज कराया गया था। बहन द्वारा रुपये देने से इन्कार करने के कारण उसने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
