जिस ट्रेन से जाना था घर, उसी के नीचे मिली मौत; दरभंगा स्टेशन पर अररिया के युवक की गई जान
लुधियाना से घर लौट रहा 21 वर्षीय रोशन कुमार मंडल दरभंगा जंक्शन पर ट्रेन बदलने की जल्दबाजी में रेलवे पटरी ...और पढ़ें

रोशन कुमार मंडल की फाइल फोटो व पोस्टमार्टम दौरान परिसर में मौजूद स्वजन।
HighLights
लुधियाना से घर लौटते समय दरभंगा जंक्शन पर हादसा।
जल्दबाजी में पटरी पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया।
21 वर्षीय रोशन कुमार मंडल की मौके पर ही मौत।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। घर लौटने की खुशी और अपनों से मिलने की उम्मीद लिए लुधियाना से चला 21 वर्षीय रोशन कुमार मंडल दरभंगा जंक्शन पहुंचा था। उसे यहां ट्रेन बदलकर नरपतगंज जाना था।
घर पहुंचने से चंद कदम पहले जल्दबाजी में रेलवे पटरी पार करना उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। दूसरी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उसका सिर धड़ से अलग हो गया।
पटरी पार कर प्लेटफार्म की ओर जा रहा था
घटना शुक्रवार की है। रोशन लुधियाना से ट्रेन से दरभंगा पहुंचा था। उसे प्लेटफार्म नंबर एक पर उतरने के बाद नरपतगंज जाने वाली ट्रेन पकड़नी थी। बताया गया कि दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में वह रेलवे पटरी पार कर प्लेटफार्म नंबर चार की ओर दौड़ रहा था। इसी दौरान नरपतगंज जाने वाली ट्रेन की चपेट में आ गया।
जीआरपी ने हटाया शव
हादसे के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। जीआरपी जवानों ने शव को रेल पटरी से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के खैर चंदा गांव, वार्ड पांच निवासी भरत लाल मंडल के पुत्र रोशन कुमार मंडल के रूप में हुई।
फोन मिलाते रहे स्वजन, जीआरपी ने दी मौत की सूचना
रोशन के पिता भरत लाल मंडल ने बताया कि सुबह से ही वह बेटे के मोबाइल पर लगातार फोन कर रहे थे। इसी दौरान जीआरपी के जवान ने फोन उठाकर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। बेटे का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।
लुधियाना में मजदूरी कर चलाता था परिवार
रोशन दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह अविवाहित था और परिवार के भरण-पोषण के लिए लुधियाना में मजदूरी करता था। घर लौटने के दौरान हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंपा शव
जीआरपी थाना प्रभारी किंग कुंदन ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- दरभंगा में कोसी बांध से नीचे गिरी बोलेरो, सहरसा के दो लोगों की मौत; तीन लोग घायल
