दरभंगा शहर में रोज जाम, रोज परेशानी... मरीजों से लेकर छात्रों तक की थम रही रफ्तार
दरभंगा शहर में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से मरीज, छात्र और आम लोग त्रस्त हैं, जिससे वे समय पर ...और पढ़ें

दरभंगा शहर में जाम में फंसे लोग। जागरण
जागरण संवाददाता, दरभंगा । शहर में प्रत्येक दिन जाम लग रहा है। शहर के दो मुख्य मार्ग वीआइपी रोड एवं एलएन मिश्रा पथ में वन वे लगा है। बावजूद जाम से मुक्ति नहीं मिल रही है। इस दोनों मार्ग के मध्य में उत्तर बिहार का सबसे बड़ा अस्पताल दरभंगा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल है।
बेंता रोड के पास मेडिकल हब भी है। जहां पांच दर्जन निजी अस्पताल एवं औषधि दुकानें हैं। वनवे के कारण कई मरीज से भरी गाड़ी, स्कूल के बच्चे लगातार जाम में फंस जाते हैं। जिससे वे समय पर ना ही स्कूल , स्टेशन और ना ही अस्पताल पहुंच पाते है।
वहीं प्रत्येक दिन शहर के वीआइपी रोड, बेंता चौक,अल्लपटी, दोनार, दिलावरपुर, कटहलवाड़ी, कादिराबाद पुरानी बस स्टैंड, बाघ मोड़, आयकर चौराहा, डेनवी रोड, मिर्जापुर चौक, दरभंगा टावर, मौलागंज, रहमगंज, नाका छह में सुबह से लेकर देर शाम तक किसी भी समय में जाम लग ही जाता है।
कई बार यह जाम जानलेवा भी हो चुकी है। इसके बावजूद शहरवासी हर दिन जाम से जूझने को अभिशप्त हैं। इधर शहर में लगातार प्रतियोगिता परीक्षा होने को लेकर जिला स्कूल रोड , एमएल एकेडमी स्कूल सहित अन्य परीक्षा केंद्रों के पास जाम लग ही जाता है। लेकिन यातायात पुलिस इस दौरान रूट में कोई बदलाव नहीं करती है और न ही कोई वैकल्पिक मार्ग का निर्धारण हो पाता है।
वर्तमान में जो मार्ग है उसी में लोगों को जद्दोजहद करके जाना पड़ता है। शहर के दो मुख्य मार्ग में 10 वर्षों से वनवे लगा है जिसमें तीन पहिया,चारपहिया सहित अन्य वाहन शामिल हैं। जबकि सात माह पूर्व 15 दिसंबर, 2025 से लहेरियासराय क्षेत्र में बाइक सहित अन्य वाहन पर भी वनवे लगा दिया गया।
इधर एकमी चौक से दरभंगा जंक्शन तक एलिवेटेड कारिडोर बनने को लेकर कर्पूरी चौक से लेकर दोनार चौक तक वनवे अभी लागू है। जिसमें सुबह आठ बजे से रात नौ बजे तक कर्पूरी चौक से लेकर दोनार की ओर जाने वाले वाहन पर रोक लगा दी गई है। लेकिन कोई वैकल्पिक मार्ग तय नहीं किया गया है। पहले से लागू नियम के अनुसार, आवागमन होता है। कोई बड़ी दुर्घटना या किसी माननीय के आने पर यातायात मार्ग में बदलाव किया जाता है।
सड़क किनारे बने मार्केट कांप्लेक्स के पास पार्किंग की व्यवस्था नहीं
शहरी के क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क किनारे निर्मित बड़े भवन एवं मार्केट कांप्लेक्स नगर निगम के बिल्डिंग बायलाज की धज्जियां उड़ा रहे हैं। इन भवनों के समीप पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, जो जाम की समस्या और विकराल बना देते हैं।
बता दें कि शहरी क्षेत्र में जहां पहले दरभंगा टावर पर जाम की समस्या बनी रहती थी। अब मिर्जापुर चौक से लेकर जीएम रोड तक सड़क के दोनों किनारे गाड़ियां खड़ी रहने के कारण जाम की समस्या उत्पन्न होने लगी है।
पिछले कुछ वर्षों में व्यवसायियों की पहली पसंद मिर्जापुर चौक से लेकर जीएम रोड का इलाका बनता जा रहा है। बड़े भवनों का निर्माण तो करा लिया गया, लेकिन पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
पूरे शहर के मुख्य मार्ग समेत सभी चौक चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती है। एलिवेटेड कारिडोर को लेकर निर्माण कार्य को लेकर वैकल्पिक मार्ग दिया गया है। शहर के दोनों मुख्य मार्ग में लिंक रोड है उसका इस्तेमाल करने से लोगों को जाम से राहत मिल सकती है। लोग अपनी सुविधानुसार, उन सभी मार्गों का इस्तेमाल कर सकते हैं। कर्पूरी चौक से दोनार की ओर जाने वाली गाड़ियां डीएमसीएच के पोस्टमार्टम रोड होते हुए टीबीडीसी के सामने वाली सड़क से केएस कालेज ,मारवाड़ी कालेज होते हुए दोनार चौक की ओर जा सकते हैं।
--प्रकाश कुमार, पुलिस उपाधीक्षक, यातायात।
