दरभंगा के तारडीह में 40 घंटे से बिजली गुल, पढ़ाई ठप, 20 रुपये में मोबाइल चार्जिंग
दरभंगा के तारडीह में पिछले 40 घंटे से बिजली गुल है, जिससे गांवों में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया ...और पढ़ें

पोखारभिंडा में मोबाइल चार्ज कराने पहुंचे ग्रामीण । जागरण
HighLights
दरभंगा के तारडीह में 40 घंटे से बिजली गुल।
मोबाइल चार्ज करने के लिए लोगों को 20 रुपये खर्च।
गर्मी, उमस और अंधेरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित।
पंचायत सूत्र, पोखरभिंडा (तारडीह/दरभंगा)। बिहार में दरभंगा के तारडीह में पिछले 40 घंटे से बिजली गुल है। अंधेरे में डूबे गांवों में लोगों की दिनचर्या पूरी तरह पटरी से उतर गई है। हालात ऐसे हैं कि मोबाइल फोन चार्ज कराने के लिए लोगों को 20 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
गर्मी और उमस से बेहाल बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं रातभर जागने को मजबूर हैं। बिजली विभाग की लापरवाही पर लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, जबकि हर गुजरते घंटे के साथ ग्रामीणों की परेशानी और बेबसी साफ झलक रही है।
बता दें कि पोखरभिंडा पंचायत के फुलवरिया, आवाम, धनकौल और पोखर भिंडा गांव में सोमवार रात से बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
करीब 40 घंटे से बिजली नहीं रहने के कारण ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने से लेकर रात में रोशनी की व्यवस्था तक के लिए जूझना पड़ रहा है।
फुलवरिया गांव के मुसहरी हरिजन टोला के लोगों ने बताया कि मोबाइल चार्ज कराने के लिए जेनरेटर संचालकों को प्रति मोबाइल 20 रुपये देना पड़ रहा है। वहीं रात के समय अंधेरे में खाना बनाने और घरेलू कार्य करने में काफी कठिनाई हो रही है।
भीषण गर्मी के बीच बिजली नहीं रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। खासकर विद्यार्थियों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है।
इधर लगातार जलजमाव और अंधेरे के कारण कई घरों में विषधर सांपों के प्रवेश की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। इससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
