कहीं बिजली पोल गिरे तो कहीं उड़ गए आशियाने, दरभंगा में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही
दरभंगा में तेज आंधी और हल्की बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई, जिससे बिजली के खंभे गिरे, घर ...और पढ़ें

घर के छप्पर उड़ने से खुले आसमान में आए पीड़ित परिवार,11 हजार के बिजली पोल क्षतिग्रस्त ।
HighLights
तेज आंधी-बारिश से दरभंगा में व्यापक तबाही हुई।
बिजली के पोल गिरे, घर क्षतिग्रस्त, कई परिवार बेघर।
उमस से राहत मिली, पर जनजीवन बुरी तरह प्रभावित।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा) । उमस भरी गर्मी से राहत लेकर आई तेज आंधी और हल्की बारिश ने देखते ही देखते दरभंगा के कई इलाकों में तबाही का मंजर खड़ा कर दिया। कहीं बिजली के पोल और तार धराशायी हो गए तो कहीं फूस और खपरैल के घर हवा में उड़ गए।
कई गांवों में अंधेरा पसरा है, पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हैं और दर्जनों परिवार खुले आसमान के नीचे रात गुजारने को मजबूर हो गए हैं। कुशेश्वरस्थान के केवटगामा, सुघराईन समेत कई पंचायतों में आंधी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिला।
बता दें कि कुशेश्वरस्थान प्रखंड क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर आई तेज आंधी और हल्की बारिश से जहां पिछले पांच-छह दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। वहीं आंधी और बारिश ने पूर्वी प्रखंड के केवटगामा,सुघराईन सहित कई अन्य पंचायतों में भारी तबाही मचा दी।
तेज आंधी की चपेट में आने से तीन दर्जन से अधिक फूस, खपरैल, एस्बेस्टस एवं प्लास्टिक के घरों के छप्पर उड़ गए। जिससे प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को विवश हो गए हैं। आंधी के दौरान आधा दर्जन स्थानों पर 11 हजार वोल्ट के बिजली पोल एवं तार क्षतिग्रस्त हो जाने से पूर्वी प्रखंड की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।
इसके कारण लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ेगी। साथ ही बिजली बाधित रहने से नल-जल योजना एवं घरों में लगे पानी के मोटर पंप भी बंद हो गए हैं। कई घरों की छतों पर रखी पानी टंकियां तेज हवा में गिरकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं कई जगह छोटे-बड़े पेड़ गिरने से घरों को नुकसान पहुंचा है तथा आवागमन भी बाधित हुआ है।
पूर्वी प्रखंड के छत पर लगे टावर झुक गया है। जानकारी के अनुसार, केवटगामा गांव में बद्री राय, मो. हुसैनी, फुलेश्वर यादव, बाल किशोर यादव, सरोज राय, बब्लू राय, कैलाश मुखिया, राजा दास, पवन शर्मा, बृजलाल मुखिया, रामवृक्ष दास, मो. कमरूल, ब्रह्मदेव शर्मा, बोलबम यादव, बेचो राय, कैलाश राय, सिकंदर राय, हीरालाल राय, रमण कुमार, रंजीत राय, उमेश राम एवं राजकुमार यादव सहित विभिन्न गांवों में तीन दर्जन से अधिक लोगों के घरों के छप्पर उड़ गए।
इसके अलावा सुघराईन धोबलिया, लक्षमीनिया सहित कई अन्य गांवों में भी घर क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। हालांकि इस प्राकृतिक आपदा में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। केवटगामा पंचायत के मुखिया छेदी राय ने डीएम, अनुमंडल पदाधिकारी, सीओ, सांसद एवं विधायक को आंधी से हुई व्यापक क्षति की जानकारी देते हुए पीड़ित परिवारों को तत्काल पालीथिन शीट एवं सूखा राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस संबंध में प्रभारी सीओ राकेश सिंह यादव ने बताया कि आंधी से काफी क्षति होने की सूचना मिली है। राजस्व कर्मचारी को क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
केवटी में भी तेज आंधी के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
केवटी। गुरुवार की सुबह तेज आंधी के साथ हुई बारिश से प्रखंड क्षेत्र का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस प्राकृतिक आपदा ने किसानों और व्यवसायियों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी। वहीं लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत महसूस की। कई इलाके की बिजली गुल हो गई।
सुबह करीब पौने 11 बजे के आसमान में घने काले बादल छा गए। सड़कों पर हेड लाइट जलानी पड़ी। धूल भरी तेज आंधी ने राहगीरों की मुश्किलें बढ़ा दी, जिससे लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते दिखे। आंधी के कुछ ही देर बाद करीब 11 बजे मेघ गर्जन व तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
दोपहर करीब 12:45 बजे तक हुई झमाझम बारिश के कारण दरभंगा-जयनगर राष्ट्रीय राजमार्ग 527 बी पर रनवे चौक सहित ग्रामीण इलाके के कई जगहों की सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को आने-जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। कहीं से जानमाल की क्षति की सूचना नहीं है।
