दरभंगा में उपद्रवियों की तस्वीरें जारी, सूचना देने वालों को मिलेगा इनाम, उपमहापौर व राजद नेता समेत 52 आरोपित
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन में पुलिस पर पथराव मामले में दरभंगा में 52 नामजद ...और पढ़ें
-1784909369675_m.webp)
दरभंगा में उग्र प्रदर्शन करने वाले कैमरे में कैद, उपद्रवियों का नाम व पता बताने वालों को पुलिस करेगी पुरस्कृत
HighLights
दरभंगा में पुलिस पर पथराव मामले में कार्रवाई तेज।
उपमहापौर, राजद नेता सहित 52 नामजद, 500 अज्ञात आरोपी।
सीसीटीवी से 91 उपद्रवी चिन्हित, सूचना देने पर इनाम।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । लहेरियासराय थाना क्षेत्र के लोहिया चौक पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को ले गुरुवार को उग्र प्रदर्शन में पुलिस पर हुए पथराव मामले में कार्रवाई तेज कर दी गई है।
पुलिस ने नगर निगम की उपमहापौर कांग्रेस नेत्री नाजिया हसन और राजद नेता प्रेमचंद्र यादव उर्फ भोलू यादव समेत 52 लोगों सहित पांच सौ अज्ञात उपद्रवियों को आरोपित कर प्राथमिकी दर्ज की है।
अब तक पुलिस ने 36 नामजद आरोपियों को गिरफ्तार की है, इसमें 15 किशोर और 21 युवक शामिल हैं। इसमें शुक्रवार को तीन आरोपितों को दबोचा गया है। इसके अलावा, पुलिस ने सीसी फुटेज के आधार पर 91 उपद्रवियों को चिन्हित कर उनकी तस्वीरें जारी की है।
इसमें कोतवाली पुलिस ने तस्वीरों का सत्यापन कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार की है। पुलिस की इस कार्रवाई से उपद्रवियों में हड़कंप मच गया है। सभी अपने घर और मोहल्ले से फरार बताए जा रहे हैं। हर चौक-चौराहों पर पुलिस तस्वीर के साथ संबंधितों की खोज में जुटी है।
सीसीटीवी और ड्रोन फुटेज से पहचान जारी
लहेरियासराय टावर, लोहिया चौक, बाकरगंज रोड, गुदरी बाजार, सैदनगर, पोलो फील्ड और करमगंज रोड पर उपद्रव की जांच तेज कर दी गई है। सीसी फुटेज, ड्रोन कैमरों और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। जैसे-जैसे उपद्रवियों का सत्यापन हो रहा है, आरोपितों की सूची में उसे शामिल कर दिया गया है।
उपद्रवियों की सूचना देने पर मिलेगा इनाम
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी ने बताया कि चिन्हित उपद्रवियों का नाम और पता बताने वाले नागरिकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी। इसके लिए पुलिस ने दो मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं।
एसएसपी ने जिले के आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी प्रकार की हिंसा में शामिल न होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की स्थिति में तुरंत स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर सूचना दें।
