विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा के सिंहवाड़ा में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, पिता ने जताई हत्या की आशंका

By Mrityunjay BhardwajEdited By: Ajit kumar
Published: Mon, 14 Sep 2026 01:26 PM (IST)

दरभंगा के गौड़ा गांव में एक 30 वर्षीय युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिला, जिससे सनसनी फैल ...और पढ़ें

HighLights

  1. सिंहवाड़ा में आम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव।

  2. मृतक के पिता ने हत्या की आशंका जताई, पुलिस कर रही जांच।

  3. पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड को बुलाया घटनास्थल पर।

संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। Darbhanga Youth Death: सिमरी थाना क्षेत्र की भराठी पंचायत के गौड़ा गांव में सोमवार को एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान वार्ड संख्या तीन निवासी धनेश्वर पासवान के 30 वर्षीय पुत्र राजा पासवान के रूप में हुई है। उसका शव सिमरी हाईस्कूल के पीछे स्थित मोती खान की गाछी में मिला।

काम के लिए निकला था युवक

मृतक के पिता ने हत्या कर शव को पेड़ से लटकाने की आशंका जताई है। स्वजन के अनुसार, राजा पासवान रविवार दोपहर करीब दो बजे काम के सिलसिले में घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा।

सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे गांव की एक महिला जलावन लाने गाछी में गई थी। इसी दौरान उसकी नजर आम के पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। महिला के शोर मचाने पर स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को घटना की सूचना दी।

एफएसएल और डाग स्क्वायड

सूचना मिलने पर सदर एसडीपीओ-2 एसके सुमन, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार और अपर थानाध्यक्ष शशि शंकर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया। वहीं, डाग स्क्वायड की मदद से भी घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रथमदृष्टया आत्महत्या का मामला

सदर एसडीपीओ-2 एसके सुमन ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

राजा पासवान मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह शादीशुदा था और उसकी तीन पुत्रियां हैं। तीन भाइयों और तीन बहनों में वह सबसे छोटा था।