विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में पुष्पवर्षा का इंतजार करते रह गए श्रद्धालु, नहीं आया हेलीकाप्टर, टूटी उम्मीद

Published: Mon, 24 Aug 2026 07:09 PM (IST)

सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी पर दरभंगा के गंगेश्वरस्थान महादेव मंदिर में प्रस्तावित हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा कार्यक्रम स्थगित हो गया, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालु निराश होकर लौट गए।

भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते भक्त। जागरण

भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना करते भक्त। जागरण

HighLights

  1. गंगेश्वरस्थान मंदिर में हेलीकॉप्टर पुष्पवर्षा कार्यक्रम स्थगित हुआ।

  2. दूर-दराज से आए श्रद्धालु निराश होकर वापस लौटे।

  3. अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी।

संवाद सहयोगी, जाले (दरभंगा)। सावन की चौथी और अंतिम सोमवारी पर गंगेश्वरस्थान महादेव मंदिर में हेलीकाप्टर से होने वाली पुष्पवर्षा का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को निराश होकर लौटना पड़ा। पर्यटन विभाग की ओर से प्रस्तावित पुष्पवर्षा कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना मिलते ही दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं में मायूसी छा गई।

दूर-दराज से पहुंचे थे श्रद्धालु

रतनपुर स्थित प्रसिद्ध गंगेश्वरस्थान महादेव मंदिर और मेला परिसर में पुष्पवर्षा देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। लोगों को उम्मीद थी कि हेलीकाप्टर से मंदिर परिसर में पुष्पवर्षा होगी। कार्यक्रम स्थगित होने की जानकारी मिलने के बाद श्रद्धालु धीरे-धीरे घर लौटने लगे।

अंतिम सोमवारी पर उमड़ी भीड़

अंतिम सोमवारी को लेकर अहले सुबह से ही गंगेश्वरस्थान समेत प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की।

अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था

गंगेश्वरस्थान न्यास कार्यालय में एसडीपीओ सदर टू शुभेंद्र कुमार सुमन, सीओ मधुमिता कुमारी और आरओ प्रवीण कुमार कर्ण समेत न्यास समिति के सदस्य मौजूद थे। इसी दौरान पुष्पवर्षा स्थगित होने की सूचना मिली। अधिकारियों के लौटने के बाद न्यास समिति ने व्यवस्था संभाली। सुरक्षा को लेकर पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहे।

शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

घनश्यामपुर। शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। अहले सुबह से ही श्रद्धालुओं की चहल पहल तेज दिखाई दी। हरनेश्वरनाथ महादेव मंदिर जयदेवपट्टी, गोढ़ैल मठ महादेव मंदिर, जागेश्वरनाथ महादेव मठ अहिराइन, बंकेश्वरनाद महादेव हरद्वार, द्वादश ज्योतिर्लिंग मंदिर सिद्धपीठ गलमा धाम, पारसनाथ महादेव मंदिर कोर्थु सहित विभिन्न शिवालयों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक तथा पूजा अर्चना की।

कमला बलान नदी से पवित्र जल कांवर में बोझकर कांवरियों ने विभिन्न महादेव मंदिर में जलाभिषेक तथा रुद्राभिषेक किया। पूजा अर्चना, वेद पाठ, रुद्राभिषेक, भजन कीर्तन आदि के आयोजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।