दरभंगा-समस्तीपुर पथ पर सफर बना इम्तिहान, सड़क सिकुड़ी, कब्जों ने रोकी रफ्तार
दरभंगा-समस्तीपुर पथ (एसएच-50) पर अवैध अतिक्रमण, अनधिकृत स्टैंड और वाहनों के कारण सड़क संकरी हो गई है, जिससे हर दिन जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
-1783849954501_m.webp)
विशनपुर चौक पर जाम का नजारा।
HighLights
अवैध निर्माण और अनधिकृत स्टैंड से सड़क संकरी।
दरभंगा-समस्तीपुर पथ पर हर दिन जाम की समस्या।
प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की गई।
संवाद सहयोगी, हनुमाननगर (दरभंगा)। कभी तेज रफ्तार से सफर तय कराने वाला दरभंगा-समस्तीपुर पथ (एसएच-50) अब अतिक्रमण की गिरफ्त में दम तोड़ता नजर आ रहा है।
सड़क किनारे अवैध निर्माण, अनधिकृत टेंपो स्टैंड और सड़क पर खड़े वाहनों ने हालात ऐसे बना दिए हैं कि हर दिन जाम और हादसे का खतरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।
एकमी चौक से हनुमाननगर तक बढ़ा अतिक्रमण
दरभंगा-समस्तीपुर पथ (एसएच-50) पर बढ़ते अतिक्रमण ने आम लोगों का आवागमन मुश्किल कर दिया है। एकमी चौक से तारालाही, डीहलाही, विष्णुपुर और हनुमाननगर चौक तक सड़क के दोनों किनारों पर हुए अवैध पक्के निर्माण से सड़क काफी संकरी हो गई है। इससे वाहनों का दबाव बढ़ने पर अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
बेस कैंप और टेंपो स्टैंड से बढ़ी परेशानी
डीहलाही स्थित एलिवेटेड निर्माण कंपनी के बेस कैंप के समीप सड़क पर वाहनों का पड़ाव बनाए जाने से यातायात और प्रभावित हो रहा है।
वहीं विष्णुपुर चौक से अतरवेल जाने वाले मार्ग पर संचालित अनधिकृत टेंपो स्टैंड पूरे दिन जाम की बड़ी वजह बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े रहने से राहगीरों और छोटे वाहनों को निकलने में काफी परेशानी होती है।
सड़क की जमीन पर चल रहीं दुकानें
डीहलाही, विष्णुपुर और हनुमाननगर चौक पर सड़क की भूमि पर अवैध निर्माण कर किराये पर दुकानें संचालित की जा रही हैं। सड़क की चौड़ाई घटने से भारी वाहनों के गुजरने के दौरान अक्सर लंबा जाम लग जाता है। इससे स्थानीय कारोबारियों के साथ-साथ स्कूली बच्चों और मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्वोच्च न्यायालय और राज्य सरकार अतिक्रमण हटाने के स्पष्ट निर्देश दे चुकी है, लेकिन एसएच-50 पर अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस और जनप्रतिनिधियों की नियमित आवाजाही के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
अतिक्रमण हटाने की उठी मांग
राजद नेता रामनरेश यादव, प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष जयशंकर प्रसाद चौधरी, मुखिया रामजी राम समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से एसएच-50 को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क को कब्जामुक्त कर ही सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित किया जा सकता है।
