दरभंगा में सरकार की शानदार पहल, गांव में ही सुनवाई से लोग खुश, शिविर में पहुंचे सैकड़ों आवेदन
बिहार के दरभंगा जिले की 24 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किए गए, जहां प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने लोगों ...और पढ़ें

ननौरा पंचायत सरकार भवन में आयोजित सहयोग शिविर में मंचासीन सूबे के पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, विधायक डा.मुरारी मोहन झा एवं अन्य और संबोधित करते डीएम कौशल कुमार। जागरण
HighLights
दरभंगा की 24 पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित।
मंत्री ने 30 दिन में समाधान का निर्देश दिया।
अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी, 632 आवेदन प्राप्त।
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। बिहार के दरभंगा जिले की 24 पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
सिमरी पंचायत सरकार भवन परिसर में आयोजित शिविर में जिले के प्रभारी मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेंद्र शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे और विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन जमा किए।
समाधान 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा
प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र ने कहा कि बिहार में प्रचंड बहुमत से बनी एनडीए सरकार में जीविका दीदियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
उन्होंने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। सही शिकायतों का समय पर निष्पादन नहीं करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें स्वतः बर्खास्त भी किया जाएगा।
मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पंचायत स्तर की समस्याओं को लेकर सीधे शिविर में आएं और किसी दलाल या बिचौलिये का सहारा न लें। उन्होंने कहा कि बिहार में लगातार सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है तथा दरभंगा जिले को बिहार में नंबर वन बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
सहयोग शिविर का आयोजन स्वागत योग्य
इस दौरान केवटी विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि आम जनता की शिकायतों के सुलभ निष्पादन के लिए सहयोग शिविर का आयोजन स्वागत योग्य कदम है।
उन्होंने जिलाधिकारी से शिकायत करते हुए कहा कि पंचायत सरकार भवनों का निर्माण तो करा दिया गया है, लेकिन वहां नियमित रूप से कर्मी एवं अधिकारी उपस्थित नहीं रहते हैं।
जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति नहीं के बराबर रहती है। उन्होंने पंचायत सरकार भवनों के नियमित संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री कुमार शैलेंद्र, विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा एवं प्रमंडलीय आयुक्त हिमांशु कुमार राय का जिलाधिकारी कौशल कुमार ने पाग और चादर देकर सम्मानित किया।
जिलाधिकारी कौशल कुमार ने कहा कि शिविर में प्राप्त आवेदनों का तय समय सीमा के भीतर निष्पादन कर लोगों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि समय पर शिकायतों का समाधान नहीं करने वाले संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने बताया कि जिलेभर में आयोजित सहयोग शिविरों में कुल 632 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि सिमरी शिविर में 42 आवेदन जमा किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी आवेदनों का निष्पादन अगले तीन दिनों के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा।
डीएम ने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को जिले की 24 पंचायतों में बारी-बारी से सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि सभी पंचायतों के लोगों को इसका लाभ मिल सके।
मौके पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र कुमार, जीविका डीपीएम ऋचा गार्गी, बीडीओ विक्रम भास्कर, सीओ नेहा कुमारी, एमओ आकांक्षा कुमारी, बीईओ विनोद कुमार, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, मुखिया दिनेश महतो, सरपंच अशोक पासवान, पंसस गुड्डू यादव, भोला पासवान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
