दरभंगा से दिल्ली-मुंबई का सफर होगा आसान? नई ट्रेनों और बेहतर कनेक्टिविटी पर मंथन
दरभंगा में नई ट्रेनों के परिचालन, लंबी दूरी की सेवाओं में वृद्धि और स्टेशन पुनर्विकास पर उच्चस्तरीय समीक्षा हुई। इससे ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा में नई ट्रेनों और लंबी दूरी की सेवाओं पर समीक्षा।
अमृत भारत योजना के तहत स्टेशनों का हो रहा पुनर्विकास।
रेलखंडों के दोहरीकरण से परिचालन क्षमता में होगी वृद्धि।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। दरभंगा और आसपास के यात्रियों के लिए रेल सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद बढ़ी है। नई ट्रेनों के परिचालन, लंबी दूरी की सेवाओं में वृद्धि, प्रमुख स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव और स्टेशन पुनर्विकास की योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ दिल्ली-मुंबई जैसे बड़े शहरों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होने की उम्मीद है।
हर परियोजना की तय होगी जिम्मेदारी
भाजपा सांसद सह रेलवे स्टैंडिंग कमेटी के सदस्य डा. गोपालजी ठाकुर ने पूर्व मध्य रेलवे, हाजीपुर के नवनियुक्त महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के साथ दरभंगा संसदीय क्षेत्र की रेल परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
सांसद ने रेल विकास से जुड़े प्रत्येक विषय में जिम्मेदारी, समयसीमा और परिणाम सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेलवे कनेक्टिविटी के क्षेत्र में दरभंगा में हो रहा विकास आने वाले समय में उदाहरण बनेगा।
जंक्शन के पुनर्विकास की समीक्षा
बैठक में दरभंगा जंक्शन के पुनर्विकास के साथ शीशो और काकरघट्टी स्टेशन के विकास की योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं में भूमि से जुड़े मामलों को भी जल्द निपटाने पर जोर दिया गया। आरओबी और लो कास्ट ओवरब्रिज के निर्माण की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
आठ नए फुट ओवरब्रिज से सुविधा
दरभंगा संसदीय क्षेत्र में स्वीकृत आठ नए फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर भी चर्चा हुई। इनके बनने से यात्रियों को रेलवे ट्रैक पार करने की जरूरत कम होगी और स्टेशन पर आवागमन अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगा।
दोहरीकरण से बढ़ेगी ट्रेनों की क्षमता
दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के दोहरीकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके अलावा नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण की स्वीकृति का भी उल्लेख किया गया। रेलखंडों के दोहरीकरण से ट्रेनों के परिचालन की क्षमता बढ़ने और भविष्य में नई सेवाओं के लिए रास्ता आसान होने की उम्मीद है।
स्टेशनों को मिल रहा नया रूप
अमृत भारत योजना के तहत दरभंगा, लहेरियासराय और सकरी स्टेशनों के नवीनीकरण पर भी चर्चा हुई। स्टेशन विकसित होने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। सांसद ने मिथिला के सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को रेलवे से जोड़ने के लिए जानकी सर्किट विकसित करने का मुद्दा भी उठाया।
लंबी दूरी की नई ट्रेनों की मांग
लहेरियासराय समेत जिले के अन्य स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव, नई एवं अतिरिक्त रेल सेवाओं और यात्री सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। समीक्षा बैठक के बाद सांसद ने दरभंगा से नई दिल्ली, मुंबई समेत अन्य लंबी दूरी के शहरों के लिए नई ट्रेनों के परिचालन का आग्रह किया। उन्होंने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड के दोहरीकरण तथा नरकटियागंज-रक्सौल-सीतामढ़ी-दरभंगा रेलखंड के दोहरीकरण की स्वीकृति के लिए आभार जताया।
