दरभंगा में मंदिर में पूजा के बाद मासूम को मिठाई का प्रलोभन, कमरे में ले जाकर छेड़खानी, पंडा गिरफ्तार
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में पूजा के बाद एक 8 वर्षीय बच्ची से छेड़खानी का मामला सामने आया है। ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
दरभंगा मंदिर में 8 वर्षीय बच्ची से छेड़खानी का आरोप।
पूजा के बाद पंडा ने मिठाई का लालच देकर की हरकत।
पुलिस ने आरोपी पंडा को सहरसा से किया गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)। मंदिर में पूजा करने पहुंची आठ वर्षीय बच्ची के साथ छेड़खानी के आरोप ने कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आरोप है कि पूजा कराने के बाद पंडा ने बच्ची को मिठाई खिलाने का प्रलोभन दिया और उसे कमरे में ले गया। वहां उसके साथ छेड़खानी की गई।
घटना के बाद बच्ची किसी तरह वहां से निकलकर अपनी मां की मिठाई दुकान पर पहुंची और पूरी बात बताई। शिकायत मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और फरार आरोपित पंडा को सहरसा से गिरफ्तार कर लिया।
पूजा कराने के बाद की हरकत
पुलिस के अनुसार, रविवार को आठ वर्षीय बच्ची कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर में पूजा करने गई थी। आरोपित पंडा धोबलिया निवासी शिव कुमार झा ने उसकी पूजा कराई। पूजा समाप्त होने के बाद बच्ची ने उसे प्रणाम किया। आरोप है कि इसी दौरान पंडा ने उसके साथ छेड़खानी की।
मिठाई का प्रलोभन देकर कमरे में ले गया
आरोप है कि इसके बाद पंडा बच्ची को मिठाई खिलाने का प्रलोभन देकर शिवगंगा पोखर स्थित बत्तीसी कमरे के ऊपर बने एक कमरे में ले गया। वहां भी उसके साथ छेड़खानी की। घटना के बाद बच्ची वहां से निकलकर बाजार स्थित अपनी मां की मिठाई दुकान पर पहुंची और उन्हें घटना की जानकारी दी।
सीसी कैमरे के फुटेज से मिला सुराग
मां की शिकायत के बाद पुलिस ने पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की और आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की। पुलिस के अनुसार, मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसी कैमरों के फुटेज की जांच की गई। फुटेज में बच्ची को आरोपित के साथ जाते हुए देखा गया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।
सहरसा से आरोपित गिरफ्तार
थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि घटना के बाद आरोपित फरार हो गया था। तकनीकी टीम की मदद से उसके सहरसा जिले के गंडोल में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
न्यायालय में दर्ज होगा बच्ची का बयान
पुलिस ने बताया कि बच्ची का न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले में न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आरोपित के संबंध में अन्य जानकारी भी जुटा रही है।
