Darbhanga News: बिना बिजली जलाए बैलेंस क्यों हुआ माइनस? स्मार्ट मीटर ने एक साथ काटे फिक्स्ड चार्ज
Prepaid Electricity Meter : दरभंगा में प्रीपेड बिजली मीटर उपभोक्ताओं के खातों से अचानक दो-तीन महीने का फिक्स्ड चार्ज कटने ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। उत्तर बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के खातों से अचानक दो-तीन महीनों के फिक्स्ड चार्ज की एकमुश्त कटौती किए जाने के बाद असमंजस और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
कई बिजली उपभोक्ताओं के मीटर का बैलेंस अचानक शून्य या माइनस में चला गया, जिससे कई घरों में बिजली गुल हो गई और लोगों को अनजाने में अचानक बड़ा रीचार्ज कराना पड़ा।
पिछले दो तीन दिन पूर्व बिजली कंपनी ने उपभोक्ताओं को मैसेजों के माध्यम से स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के अनुसार, तकनीकी खामियों के कारण जून 2026 से फिक्स्ड चार्ज की नियमित मासिक कटौती नहीं हो सकी थी।
इस लंबित बकाए की भरपाई के लिए विभाग ने अगस्त में एक साथ कटौती की है। कंपनी ने उपभोक्ताओं को हुई इस अप्रत्याशित असुविधा के लिए खेद भी प्रकट किया है।
स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली विभाग को बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह एकमुश्त राशि नहीं काटनी चाहिए थी। अचानक प्रीपेड मीटर एप खाते से एक हजार रुपये तक की कटौती कर ली गई है। कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि मेरे खाते से 500 से 700 रुपये तक काटे गए हैं।
कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि उन्हें समझ ही नहीं आया कि बिना अतिरिक्त बिजली खपत के उनका बैलेंस इतनी तेजी से माइनस में कैसे चला गया।
रामानंदपथ निवासी उपभोक्ता संजय कुमार, मिथिलेश कुमार चौधरी, मिर्जापुर निवासी महेश महासेठ आदि ने बताया कि अगर विभाग नियमित रूप से मासिक शुल्क काटता रहता, तो आम आदमी के बजट पर ऐसा अचानक झटका नहीं पड़ता।
एनबीपीडीसीएल का तर्क है कि प्रीपेड मीटर प्रणाली में दैनिक और मासिक आधार पर किराए व फिक्स्ड चार्ज की आटोमेटिक कटौती होती है। साफ्टवेयर में आई तकनीकी गड़बड़ी की वजह से पिछले कुछ महीनों का फिक्स्ड चार्ज पेंडिंग में चला गया था।
चूंकि यह शुल्क नियमानुसार देय होता है, इसलिए तकनीकी खराबी ठीक होते ही प्रणाली ने बकाए की एकमुश्त वसूली कर ली। विभाग ने यह स्पष्ट किया है कि कोई भी अतिरिक्त या गलत चार्ज नहीं लिया गया है, केवल बकाया शुल्क ही काटा गया है।
शिकायत और समाधान के लिए निर्देश
बिजली कंपनी ने सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से शांति बनाए रखने का अनुरोध किया है और किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचने की सलाह दी है।
यदि किसी उपभोक्ता को अपने बिल, कटौती या मीटर बैलेंस में कोई विसंगति नजर आती है, तो वे विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
