विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में अब सिलेंडर की झंझट खत्म, घर-घर पहुंचेगी पाइप से रसोई गैस

Published: Thu, 24 Sep 2026 07:00 AM (IST)

दरभंगा में घरों तक पाइप से रसोई गैस (पीएनजी) पहुंचाने की तैयारी पूरी हो चुकी है, जिसमें 70 किलोमीटर के ...और पढ़ें

ट्रायल दौरान पीएनजी पर खाना बनाती गृहणी। सौ-उपभोक्ता

ट्रायल दौरान पीएनजी पर खाना बनाती गृहणी। सौ-उपभोक्ता 

HighLights

  1. दरभंगा में 63 किलोमीटर पाइपलाइन का काम पूरा।

  2. पहले चरण में चार हजार घरों को मिलेगी पीएनजी सेवा।

  3. उपभोक्ताओं को सिलिंडर पर 20% तक की बचत होगी।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार के दरभंगा शहर में घर-घर पाइप के जरिये रसोई गैस पहुंचाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। करीब 70 किलोमीटर के प्रस्तावित स्टील पाइपलाइन नेटवर्क में 63 किलोमीटर का काम पूरा हो गया है।

पहले चरण में करीब चार हजार घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाने की तैयारी है। कई घरों में कनेक्शन का सफल ट्रायल भी हो चुका है।

घर के अंदर लगे मीटर से उपभोक्ताओं को खपत की पूरी जानकारी मिल रही हे। अब उपभोक्ताओं को सेवा शुरू होने की आधिकारिक तारीख और उद्घाटन का इंतजार है।

पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को बार-बार गैस सिलिंडर बुक कराने, डिलीवरी का इंतजार करने और सिलिंडर की ढुलाई की परेशानी से राहत मिलेगी।

शुरुआती चरण में चार हजार घरों में आपूर्ति शुरू होने पर यदि एक परिवार में सालाना औसतन आठ से 10 सिलिंडर की खपत मानी जाए तो करीब 32 से 40 हजार सिलिंडर की जरूरत कम हो सकती है। पीएनजी कनेक्शन से उपभोक्ताओं को सिलिंडर पर होने वाले खर्च में औसतन 20 प्रतिशत की बचत होगी।

ट्रायल के बाद लोगों में उत्साह

रामपुर-रहमगंज इलाके में पाइपलाइन गैस का ट्रायल होने के बाद लोगों में उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पीएनजी सेवा शुरू होने से सिलेंडर के लिए बुकिंग कराने और वेंडर के आने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

जितनी गैस की खपत होगी, उसी के अनुसार बिल का भुगतान करना होगा। नरेंद्र नारायण पंडित, महेंद्र नारायण पंडित, वीरेंद्र नारायण पंडित उर्फ मुन्ना, सत्यनारायण पंडित, मुकुल देव, मिथिलेश पंडित, कुमार विवेक, अभिषेक कुमार, रंजू देवी, बिंदु देवी और फूल कुमारी आदि उपभोक्ताओं ने कहा कि पीएनजी सेवा शुरू होने से दरभंगा में भी महानगरों जैसी सुविधा मिलने लगेगी।

उपभोक्ताओं ने बताया कि कनेक्शन निशुल्क दिया जा रहा है। बिल का भुगतान आनलाइन करने की व्यवस्था है। पीएनजी का सप्लाई सेंटर केएस कालेज के सामने बनाया गया है। लोगों का कहना है कि पाइपलाइन और कनेक्शन तैयार होने के बाद अब वैधानिक रूप ये सेवा शुरू होने का इंतजार है।