दरभंगा में घर की चाबी मिलते ही चेहरे पर छलकी खुशी, पूरा हुआ पक्के मकान का सपना
दरभंगा के बेनीपुर में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नवनिर्मित पक्के घरों की चाबियां मिलीं, जिससे उनके वर्षों ...और पढ़ें

दरभंगा के बेनीपुर में लाभुकों का चाबी सौंपते विधायक।
संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। किसी के लिए पक्का मकान सिर्फ दीवार और छत है, तो किसी गरीब परिवार के लिए यह वर्षों का सपना होता है।
गुरुवार को बेनीपुर स्थित कर्पूरी सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभुकों को जब उनके नवनिर्मित घर की चाबी मिली तो उनके चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी। विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने लाभुकों को चाबी सौंपकर उनके नए घर में गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दीं।
चाबी के साथ पूरा हुआ अपना घर का सपना
कार्यक्रम में विधायक ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए अपना पक्का मकान होना किसी सपने के पूरा होने से कम नहीं है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आशियाना उपलब्ध कराया जा रहा है। चाबी मिलने के बाद लाभुकों ने सरकार की इस योजना के प्रति आभार जताया।
जरूरतमंदों तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
विधायक प्रो. चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य समाज के जरूरतमंद और गरीब परिवारों को बेहतर आवास उपलब्ध कराना है। सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया।
नए आशियाने में गृह प्रवेश की तैयारी
आवास की चाबी हाथ में आते ही लाभुकों के बीच उत्साह का माहौल रहा। लंबे समय से पक्के घर की उम्मीद लगाए परिवारों के लिए यह दिन खास रहा। लाभुकों ने कहा कि अब उन्हें मौसम की मार से काफी हद तक राहत मिलेगी और परिवार के साथ सुरक्षित घर में रहने का अवसर मिलेगा।
जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल कुमार कर्ण, प्रखंड प्रमुख चौधरी मुकुंद कुमार राय, बीस सूत्री अध्यक्ष कीर्तिमान झा, बीस सूत्री उपाध्यक्ष रजनीश सुंदरम सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने भी आवास योजना के तहत पात्र परिवारों को समय पर लाभ दिलाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
