विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में चावल निगम के गोदाम में पहुंचा, पैक्स को भुगतान का इंतजार; पैसा मिले तो घटेगा ब्याज का बोझ

Published: Sun, 13 Sep 2026 12:14 PM (IST)

दरभंगा में पैक्स अध्यक्ष बिहार राज्य खाद्य निगम को चावल आपूर्ति के बाद भुगतान न मिलने से आक्रोशित हैं। भुगतान ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार राज्य खाद्य निगम को सीएमआर (कस्टम मिल्ड राइस) के तहत चावल की आपूर्ति करने के बाद भी भुगतान नहीं मिलने से जिले की सहकारी समितियों के अध्यक्षों में आक्रोश है। पैक्स अध्यक्षों का कहना है कि निर्धारित मात्रा में चावल निगम को उपलब्ध कराने के बावजूद समय पर राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है।

भुगतान में देरी के कारण समितियों पर बैंक ऋण का अतिरिक्त ब्याज लगातार बढ़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। जिले में 198 पैक्स और पांच व्यापार मंडल के माध्यम से किसानों से कुल 41,673.232 टन धान की खरीद की गई।

इसमें से अब तक 40,195.98 मीट्रिक टन धान के विरुद्ध 27,908.675 मीट्रिक टन चावल बिहार राज्य खाद्य निगम को उपलब्ध कराया जा चुका है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार सीएमआर की 96.45 प्रतिशत आपूर्ति हो चुकी है। इसके बावजूद करीब दो माह से राशि का भुगतान नहीं होने से समितियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।

19 जून के बाद नहीं मिली राशि 

बिहार सहकारिता बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधक श्याम कुमार वर्णवाल ने बताया कि 19 जून को 62 लाट की राशि बैंक को प्राप्त हुई थी। इसके बाद अब तक बैंक को किसी प्रकार की राशि प्राप्त नहीं हुई है। भुगतान में लगातार हो रही देरी की समस्या से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया है।

पैक्स अध्यक्ष राम नरेश भगत, राधेश्याम यादव, अमरजीत यादव आदि ने बताया कि राज्य खाद्य निगम की ओर से भुगतान में देरी के कारण समितियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैंक से लिए गए ऋण पर ब्याज बढ़ता जा रहा है, जबकि चावल की आपूर्ति पहले ही की जा चुकी है। इसका सीधा असर समितियों की कार्यक्षमता और किसानों से जुड़े भुगतान की प्रक्रिया पर पड़ रहा है।

पैक्स अध्यक्षों ने राज्य सरकार और संबंधित विभाग से बकाया राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय पर भुगतान होने से समितियों पर बढ़ रहा ब्याज का अतिरिक्त बोझ कम होगा और किसानों के हित भी सुरक्षित रहेंगे। साथ ही भुगतान प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई है, ताकि भविष्य में समितियों को ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़े।

किसानों से क्रय किए गए धान के आलोक में पैक्सों को बिहार राज्य खाद्य निगम को 975 लाट चावल आपूर्ति करनी थी। पैक्सों के माध्यम से 962 लाट चावल निगम को प्राप्त हुआ है। जिसमें से 962 लाट का भुगतान विभिन्न पैक्सों को किया जा चुका है। अभी 15 लाट का पैक्सों का भुगतान लंबित है। विभाग से राशि क्रेडिट होने पर भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- राजेश कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम, दरभंगा।