दरभंगा में डेंगू से निपटने का एक्शन प्लान तैयार, नगर निकायों को समय पर काम पूरा करने का अल्टीमेटम
दरभंगा आयुक्त ने मानसून पूर्व तैयारियों और विकासात्मक योजनाओं की समीक्षा की, जिसमें जलजमाव रोकने और डेंगू नियंत्रण पर विशेष ...और पढ़ें

बैठक की अध्यक्षता करते प्रमंडलीय आयुक्त। (सौ. पीआरडी)
HighLights
आयुक्त ने मानसून पूर्व तैयारियों और विकास कार्यों की समीक्षा की।
जलजमाव रोकने और डेंगू नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।
नगर निकायों को समय पर नालों की सफाई और एंटी-लार्वा छिड़काव।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । आयुक्त कार्यालय के सभागार में दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय की अध्यक्षता में मंगलवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
इसमें प्रमंडल के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों की ओर से संचालित विकासात्मक योजनाओं और जन-सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने वर्षा ऋतु के मद्देनजर जलजमाव की रोकथाम, नियमित साफ-सफाई और मौसमी बीमारियों से बचाव के लिए अधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए। उन्होंने सभी नगर निकायों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि नालों की समय पर उड़ाही सुनिश्चित की जाए ताकि कहीं भी जलजमाव की स्थिति पैदा न हो।
दरभंगा मेडिकल कालेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) परिसर में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त रखने और वहां जलजमाव न होने देने के लिए उप नगर आयुक्त को पूर्व तैयारी रखने का विशेष निर्देश दिया गया।
डेंगू और अन्य मच्छरजनित बीमारियों पर लगाम कसने के लिए सभी शहरी क्षेत्रों में नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव करने को कहा गया है।
पेयजल और सरकारी योजनाएं प्राथमिकता पर
आम जनता को पेयजल संकट से बचाने के लिए आयुक्त ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के सभी सरकारी चापाकलों को तत्काल क्रियाशील और उपयोग योग्य बनाए रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही, बैठक में 'जल-जीवन-हरियाली' अभियान, मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना और सम्राट अशोक भवन निर्माण जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर और पूरी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। छोटे नगर निकायों में नक्शा पास करने की प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने की हिदायत भी दी गई।
