दरभंगा विधान परिषद चुनाव: शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कल मतदान, बिना आधार कार्ड नहीं डाल सकेंगे वोट
दरभंगा विधान परिषद के शिक्षक व स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कल मतदान होगा, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
विधान परिषद चुनाव के लिए आज होगा मतदान।
कुशेश्वरस्थान में मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
मतदान केंद्रों पर निषेधाज्ञा और सुरक्षा व्यवस्था लागू।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान। विधान परिषद के दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान की तैयारी कुशेश्वरस्थान एवं कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में पूरी कर ली गई है। मतदान सुबह आठ बजे से शुरू होकर शाम चार बजे तक चलेगा। यह जानकारी एसडीओ शशांक राज ने दी।
उन्होंने बताया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दोनों प्रखंडों के बीडीओ कार्यालय स्थित प्रकोष्ठ में मतदान केंद्र बनाया गया है।
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता संबंधित सीओ कार्यालय के प्रकोष्ठ में मतदान करेंगे। मतदान के दौरान मतदाताओं को पहचान के लिए आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा।
कुशेश्वरस्थान प्रखंड में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 30 तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 847 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी प्रकार कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के 12 तथा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के 479 मतदाता मतदान करेंगे।
एसडीओ ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। प्रशासन की ओर से मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
प्रत्याशियों ने झोंकी ताकत
इधर, चुनाव को लेकर गुरुवार को प्रत्याशियों के समर्थकों ने भी प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दिया। समर्थक मतदाताओं से व्यक्तिगत संपर्क कर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रथम वरीयता का मत देने की अपील किया।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पूर्वी प्रखंड में प्रत्याशी घनश्याम राय के पक्ष में प्रखंड जदयू अध्यक्ष राजेश कुमार राय, युवा जदयू के जिला अध्यक्ष छेदी राय एवं सोनू कुमार पासवान ने मतदाताओं से संपर्क किया।
वहीं, कुशेश्वरस्थान प्रखंड जदयू अध्यक्ष सह पार्टी के प्रखंड प्रभारी राजकुमार राय ने भी मतदाताओं से मिलकर घनश्याम राय को प्रथम वरीयता का मत देने की अपील की।
वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सर्वेश कुमार के पक्ष में भाजपा मंडल अध्यक्ष घनश्याम चौधरी एवं रौशन कुमार राय के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने वोट मांगे।
यह भी पढ़ें- सारण शिक्षक MLC चुनाव: 98 केंद्रों पर 10748 शिक्षक करेंगे मतदान; मैदान में 18 उम्मीदवार
