विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा MLC चुनाव में किसका बजेगा डंका, शिक्षक और स्नातक सीट पर कांटे की टक्कर

Published: Tue, 27 Oct 2026 01:09 PM (IST)

बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई ...और पढ़ें

मतदान केंद्र के अंदर मतगणना कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

मतदान केंद्र के अंदर मतगणना कार्य का निरीक्षण करते जिलाधिकारी

HighLights

  1. दरभंगा MLC चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा में शुरू।

  2. शिक्षक और स्नातक सीटों पर कांटे की टक्कर जारी।

  3. दोपहर बाद रुझान, विजय जुलूस पर प्रतिबंध।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव की मतगणना कार्य मंगलवार को लहेरियासराय स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला परिसर में कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह आठ बजे से शुरू हो चुकी है।

दोपहर 12:30 के बाद बाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं के मतों की गिनती शुरू हुई है। स्नातक वोटरों के मतपत्रों की गिनती फिलहाल शुरू नहीं हुई है, हालांकि अधिक मतदाता होने के कारण इस क्षेत्र के मतदाताओं के मतपत्रों का बंडल लगभग तैयार हो चुका है।

मतगणना केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं और 200 गज के दायरे में धारा 144 लागू है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 69,083 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 7,793 मतों की गिनती की जानी है।

सुबह आठ बजे से ही मतगणना कर्मियों द्वारा मतपत्रों का बंडल बनाने का काम शुरू किया गया था। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 15-15 काउंटरों पर 50-50 मतपत्रों की गड्डियां तैयार की गई है, जिसके बाद प्रथम वरीयता के मतों की गिनती शुरू हुई।

मैदान में 53 प्रत्याशी, दिलचस्प हुआ मुकाबला

इस बार दरभंगा स्नातक सीट से 40 तथा शिक्षक सीट से 13 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। शिक्षक सीट पर बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

एनडीए समर्थित घनश्याम राय, जनसुराज प्रत्याशी सुरेश प्रसाद राय तथा कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा के बीच त्रिकोणीय मुकाबला माना जा रहा है। वहीं राजद समर्थित प्रत्याशी डॉ. कुमर राउत और सीपीआईएम के रामदेव राय के समर्थक भी अपनी-अपनी जीत का दावा ठोक रहे हैं।

वही स्नातक सीट पर मुख्य मुकाबला एनडीए (भाजपा) उम्मीदवार सर्वेश कुमार और राजद समर्थित प्रत्याशी अनिल कुमार झा के बीच आमने-सामने का देखा जा रहा है। हालांकि जनसुराज और अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी से मुकाबला काफी रोचक हो गया है।

प्रमंडलीय आयुक्त, जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक समेत तमाम वरीय अधिकारी मतगणना स्थल पर कैंप कर रहे हैं। प्रशासन के अनुसार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना लगभग सात राउंड और स्नातक क्षेत्र की मतगणना दस राउंड तक चलने की संभावना है। मतगणना के उपरांत किसी भी प्रकार के विजय जुलूस पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। दोपहर बाद से रुझान स्पष्ट होने की उम्मीद है।