विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दरभंगा में बेखौफ बदमाशों का कहर: हथियारबंद लुटेरों ने दो महिलाओं के गले से छीनी चेन, लोगों पर की फायरिंग

By Jagran NewsEdited By: Mohit Tripathi
Published: Wed, 02 Aug 2023 07:21 PM (IST)

दरभंगा में बुधवार को बदमाशों ने अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं के गले से सोने की चेन लूट ली। चेन ...और पढ़ें

दरभंगा शहर में बदमाशों ने दो महिलाओं के गले से लूटी चेन। (प्रतीकात्मक फोटो)
दरभंगा शहर में बदमाशों ने दो महिलाओं के गले से लूटी चेन। (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. घटना के दौरान एक महिला हुई जख्मी, टूट गया एक हाथ, भर्ती।
  2. कोतवाली ओपी क्षेत्र के शास्त्री चौक और मिर्जापुर में हुईं घटनाएं।
  3. बाइक सवार बदमाशों ने दोनों घटनाओं को 15 मिनट के अंतराल पर दिया अंजाम।

जागरण संवाददाता, दरभंगा: दरभंगा के कोतवाली ओपी क्षेत्र में बुधवार को बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देकर अलग-अलग जगहों पर दो महिलाओं के गले से सोने की चेन लूट ली।

चेन लूट की एक घटना के दौरान अपराधियों ने एक महिला को धकेलकर जख्मी कर दिया। पीड़िता के हल्ला करने पर स्थानीय लोगों ने बदमाशों को घेरने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। इससे लोग डरकर पीछे हट गए और मौका मिलते ही बदमाश फरार हो गए। महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

15 मिनट के अंतराल पर दो घटनाओं को दिया अंजाम

बदमाशों ने दोनों घटनाओं को 15 मिनट के अंतराल पर अंजाम दिया, जिससे पुलिस पूरी तरह से अनजान बनी रही। चेन लूट की घटनाओं को लेकर लोगों में पुलिस के खिलाफ अधिक आक्रोश देखा गया। चौक-चौराहों पर स्थानीय पुलिस के खिलाफ लोगों ने खुलकर आलोचना की।

इस तरह पहली घटना को दिया अंजाम

लोगों का कहना था कि अब महिलाओं का सड़क पर गुजरना मुश्किल हो गया है। बदमाश लगातार वारदात को अंजाम दे रहे हैं और सड़क पर पुलिसिंग कहीं दिख नहीं रही है।

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि बाइक सवार बदमाशों ने सबसे पहले शास्त्री चौक पर वारदात को अंजाम दिया। जहां दिग्घी रोड के प्रोफेसर कॉलोनी, गली नंबर-एक निवासी आईएएस अधिकारी के किराएदार शंभू कुमार चौधरी की पत्नी अनिता चौधरी सुबह के समय अपने घर से सब्जी खरीदने आई थी।

महिला को देखते ही बाइक सवार बदमाश तेजी से पास में पहुंचा। अनिता कुछ समझती उससे पहले उसके गले से सोने की चेन खींच लिया। इस दौरान अनिता सड़क पर गिरकर जख्मी हो गई, एक हाथ टूट गया।

महिला के शोर मचाने पर लोगों ने अपराधियों की ओर दौड़े। लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाशों ने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग कर दी, जिससे लोग डर कर पीछे हट गए। इसके बाद बाइक सवार दोनों बदमाश तेज रफ्तार में दिग्घी रोड की ओर फरार हो गए।

गिरीजी गैरेज गली में दूसरी घटना को दिया अंजाम

उधर, दोनों बदमाश भटियारीसराय रोड होते हुए काेतवाली ओपी से मिर्जापुर स्थित म्लेच्छमर्दिनी मंदिर स्थित गिरीजी गैरेज वाली गली में प्रवेश किया। जहां सुरेंद्र गामी की पत्नी के गली से सोने की चेन खींच लिया। इस दौरान पीड़िता ने पीछे से अपने चेन को पकड़ कर हल्ला की। जिसे देख कालोनी ने गार्ड ने दौड़कर एक बदमाश को दबोच लिया।

उधर, मुख्य सड़क से कुछ लोग दौड़कर पहुंचे, जिस पर बाइक चला रहे बदमाश ने पिस्टल तान दी, डर से सभी लोग पीछे हट गए। तब तक गार्ड के गिरफ्त से निकलकर बदमाश ने उसके ऊपर भी पिस्टल तान दी। पास में खड़ी एक लड़की के चिल्लाने से गार्ड डर गया और दोनों बदमाश बाइक से कोतवाली ओपी की ओर फरार हो गए। इस बीच बदमाश पीड़िता के गले से आधी चेन को लूटने में कामयाब रहे। बताया जाता है कि छीना-झपटी में चेन दो भागों में टूट गया।

क्या बोले सदर एसडीपीओ

सूचना बाद पुलिस पहुंची । आस-पास के सीसी कैमरे को खंगाला। सड़क पर खोखा खोजने की कोशिश की। हालांकि, कोई सफलता नहीं मिली। उधर, सदर एसडीपीओ अमित कुमार ने बताया कि जख्मी महिला इलाजरत है। सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। बहुत जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

नगर विधायक के आवास के पास बदमाशों ने की फायरिंग

शास्त्री चौक पर महिला के गले से चेन लूटने दौरान जहां बदमाशों ने फायरिंग की, उससे चंद कदम की दूरी पर ही नगर विधायक संजय सरावगी का आवास है। बावजूद, बदमाशों में कोई भय नहीं दिखा।

बता दें कि कुछ माह पहले खुफिया विभाग के इनपुट पर नगर विधायक को वाई श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई गई थी। हालांकि फिलहाल यह सुरक्षा हटा दी गई है। ऐसी स्थिति में उनके आवास के पास आपराधिक घटना घटने से पुलिसिया व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।