दरभंगा में छात्र संघ चुनाव की आहट, सितंबर-अक्टूबर में हो सकता है मतदान
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की तैयारियों को लेकर कुलपति की अध्यक्षता में बैठक हुई। शांतिपूर्ण व ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
कुलपति ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव पर जोर दिया।
समन्वय समिति गठित कर चुनाव की रूपरेखा बनेगी।
लिंगदोह समिति की सिफारिशों का होगा कड़ाई से पालन।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के छात्र संघ चुनाव को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। मंगलवार को कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों और विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्यों के साथ आनलाइन बैठक आयोजित की गई।
इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय व कालेजों में शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने को प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का व्यावहारिक ज्ञान और बेहतर एक्सपोजर मिलता है।
चुनाव की प्राथमिक रूपरेखा तैयार करने के लिए कुलपति ने सभी प्रधानाचार्यों और विभागाध्यक्षों को अपने-अपने संस्थानों में दो से पांच सदस्यीय समन्वय समिति गठित करने का निर्देश दिया है।
यह समिति अगले पांच से सात दिनों के भीतर मतदाताओं की सटीक संख्या, आवश्यक मतदान केंद्रों (बूथों) की संख्या और चुनाव में होने वाले संभावित व्यय का ब्योरा तैयार कर रिपोर्ट सौंपेगी।
सितंबर में कार्यशाला, चुनाव कार्यालय जल्द
कुलपति ने मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मुनेश्वर यादव को आगामी एक-दो दिनों के भीतर चुनाव कार्यालय की शुरुआत करने का निर्देश दिया। साथ ही, चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए हर सप्ताह जिलावार चुनाव अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और समन्वय समिति के सदस्यों के साथ समीक्षा बैठक करने को कहा गया है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सितंबर माह में विश्वविद्यालय मुख्यालय में दो-दो सत्रों में दो दिवसीय आफलाइन कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
लिंगदोह समिति की सिफारिशों का होगा पालन
बैठक में चुनाव नियमावली को लेकर भी चर्चा हुई। लिंगदोह समिति की सिफारिशों के आधार पर चुनाव बाय-लाज की साफ्ट कापी सदस्यों को उपलब्ध कराई जाएगी। प्राप्त सुझावों और आवश्यक संशोधनों के बाद इसे विश्वविद्यालय और संबंधित कालेजों की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
आई-कार्ड या प्रमाणित रसीद से ही मिलेगा वोट का अधिकार
चुनाव प्रक्रिया में फर्जीवाड़े को रोकने के लिए मतदान के नियमों को कड़ा रखा गया है। मतदाता छात्र केवल वही माने जाएंगे जिनके पास प्रवेश पत्र से मैप किया हुआ परिचय पत्र होगा या फिर शिक्षक द्वारा सत्यापित नामांकन रसीद होगी।
प्रधानाचार्यों ने दिए महत्त्वपूर्ण सुझाव
बैठक के दौरान विभिन्न कालेजों के प्रधानाचार्यों प्रो. मुश्ताक अहमद, प्रो. नारायण झा, डा. फूलो पासवान, डा. अवधेश कुमार सिंह, डा. मो. रहमतुल्लाह, प्रो. संजय कुमार झा एवं डा. विधान चन्द्र भारती ने अपने विचार रखे। कहा कि परीक्षाओं व नामांकन तिथियों को ध्यान में रखकर ही चुनाव की तिथि तय की जाए।
सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन से अपेक्षित सहयोग लिया जाए। कोर कमेटी का गठन और आब्जर्वर की नियुक्ति की जाए। नवस्थापित 30 कालेजों के विद्यार्थियों को भी चुनाव प्रक्रिया में शामिल किया जाए।
सितंबर के अंत या अक्टूबर में हो सकते हैं चुनाव
कार्यक्रम के संचालन मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मुनेश्वर यादव ने सुझाव दिया कि छात्र संघ चुनाव सितंबर 2026 के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के शुरुआती दिनों में कराए जा सकते हैं।
वहीं, स्वागत भाषण में डीएसडब्ल्यू प्रो. अशोक कुमार मेहता ने कहा कि लोकभवन पटना के दिशा-निर्देशों और जिला प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया जाएगा। छात्र संघ चुनाव के नियमों, अपडेट्स और आधिकारिक सूचनाओं के लिए विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर जानकारी ली जा सकती है।
