विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा जंक्शन पर ट्रेन छूटने का डर, टिकट काउंटर की तलाश बनी बड़ी चुनौती

Published: Mon, 14 Sep 2026 06:00 AM (IST)

दरभंगा जंक्शन पर यात्रियों को टिकट काउंटर ढूंढने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी ट्रेनें ...और पढ़ें

दरभंगा जंक्शन परिसर स्थित अस्थायी टिकट काउंटर। जागरण

दरभंगा जंक्शन परिसर स्थित अस्थायी टिकट काउंटर। जागरण

HighLights

  1. यात्रियों को दरभंगा जंक्शन पर टिकट काउंटर ढूंढने में कठिनाई।

  2. अस्थायी काउंटरों और दिशा-निर्देशों की कमी से यात्री परेशान।

  3. रेलवे से स्पष्ट साइनबोर्ड और घोषणाओं की मांग की गई।

जागरण संवाददाता, दरभंगा । उत्तर बिहार के प्रमुख रेलवे स्टेशनों में शामिल दरभंगा जंक्शन पर इन दिनों यात्रियों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन परिसर में अनारक्षित (जनरल) और आरक्षित (रिजर्वेशन) टिकट काउंटर आसानी से नहीं मिलने के कारण रोजाना हजारों यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ रही है।

पिछले दो-तीन वर्षों से माडल स्टेशन की सूची में शामिल दरभंगा जंक्शन पर विभिन्न तरह के निर्माण कार्य चल रहे हैं। इसको लेकर पार्सल कार्यालय के पीछे अस्थायी टिकट काउंटरों का निर्माण किया गया है।

लेकिन जंक्शन के मुख्य द्वार, प्लेटफार्म संख्या एक और पूछताछ केंद्र से टिकट काउंटर पर आने में यात्रियों को काफी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।

एक छोड़ से दूसरे छोड़ तक दौड़ लगानी पड़ती है। अधिकांश यात्रियों को टिकट काउंटर का पता लगाने में ही समय निकल जाता है। ट्रेन खुलने की आपाधापी में यात्रियों को टिकट काउंटर से लेकर प्लेटफार्म तक दौड़ लगानी पड़ती है।

रविवार को जंक्शन के पूछताछ केंद्र पर यात्री महादेव बैठा, संतोष कमती, मनमोहन झा ने कहा कि टिकट काउंटर ढ़ूढ़ने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

पूछताछ केंद्र पर टिकट काउंटर कहा स्थित है, इसकी घोषणा नहीं होती है। यात्री मुख्य द्वार से सीधे पूछताछ केंद्र पर पहुंचते हैं। पहले जहां काउंटर स्थापित थे, वहां अब यह सुविधा नहीं मिलती है।

परिसर में कहीं भी साइनबोर्ड नहीं दिखता है। ऐसी स्थित में एक छोड़ से दूसरे छोड़ तक दौड़ लगानी पड़ती है। तब जाकर टिकट काउंटर का पता चलता है।

ऐसी स्थित में टिकट काउंटर का सही पता नहीं चलने के कारण यात्रियों का काफी समय इधर-उधर भटकने में बर्बाद हो जाता है। कई बार ऐन मौके पर पहुंचे यात्रियों की ट्रेनें सिर्फ इसलिए छूट जाती हैं क्योंकि वे समय पर टिकट काउंटर तक नहीं पहुंच पाते।

यात्रियों की मांग और समाधान

यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जंक्शन के सभी मुख्य प्रवेश द्वारों और सर्कुलेटिंग एरिया में हिंदी और अंग्रेजी में स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएं। माइक के जरिए समय-समय पर टिकट काउंटरों की स्थिति की घोषणा की जाए।

मुख्य स्थानों पर मदद के लिए 'मे आई हेल्प यू' डेस्क बनाई जाए। रेलवे प्रशासन को जल्द से जल्द इस समस्या पर ध्यान देकर यात्री सुविधाओं में सुधार करना चाहिए ताकि दरभंगा जंक्शन पर आने वाले लोगों का सफर सुगम बन सके।