विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में स्टार्टअप शुरू करने के लिए आईटी कंपनियों को आमंत्रण, सांसद ने बेंगलुरु में की बैठक

Published: Sat, 22 Aug 2026 06:31 PM (IST)

Mithila Startup Opportunity: सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बेंगलुरु में आईटी उद्यमियों से मुलाकात कर दरभंगा एसटीपीआई में शाखाएं ...और पढ़ें

सांसद ने देश के प्रमुख आईटी उद्यमियों और नवाचार प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। फोटो: स्वयं

सांसद ने देश के प्रमुख आईटी उद्यमियों और नवाचार प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। फोटो: स्वयं

जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga Stpi It Park: सांसद एवं लोकसभा में मुख्य सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने शनिवार को बेंगलुरु स्थित सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया कार्यालय में देश के प्रमुख आईटी उद्यमियों और नवाचार प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अग्रणी टेक कंपनियों और स्टार्टअप्स को दरभंगा एसटीपीआई से जोड़कर वहां अपनी शाखाएं खोलने के लिए प्रेरित करना है।

इसके माध्यम से मिथिला क्षेत्र के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर तकनीकी रोजगार और नए अवसर सृजित करने की पहल तेज की गई है।

दरभंगा में स्टार्टअप आमंत्रण

बैठक के दौरान सांसद ने बेंगलुरु के उद्यमियों को दरभंगा आईटी पार्क में अपने नए स्टार्टअप शुरू करने और मौजूदा कंपनियों के कार्यालय स्थापित करने का औपचारिक आमंत्रण दिया।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की उद्योग समर्थक नीतियों के कारण बिहार में निवेश, तकनीकी विकास और रोजगार के नए द्वार खुले हैं।

सांसद ने उपस्थित उद्यमियों को आश्वस्त किया कि दरभंगा में शाखा स्थापित करने पर बिहार सरकार और भारत सरकार की ओर से हर संभव प्रशासनिक और तकनीकी समन्वय उपलब्ध कराया जाएगा।

प्रमुख टेक प्रतिनिधि उपस्थित

बैठक में ईकोपाथ के अभिषेक छाजेड़, माय दुकान के सुभाष चौधरी, फ्रूटेक्स के सीईओ विशाल सिंह, सिल्क रूटेक के विशाल कुमार और यो-लर्न एआई के विशाल मोतिहारी सहित कई प्रमुख उद्यमी शामिल हुए।

इनके अलावा आइसन एक्सपीरियंसेज, रोबोप्रेनर, एमसेंस, व्हिजमाइंड्स, इंटेकसिस, विजय संभव फाउंडेशन, आरगी इक्विपमेंट्स, फ्यूचरल और हाइपरमाइंड टेक के संस्थापकों ने भी विमर्श में भाग लिया। सांसद ने सभी प्रतिनिधियों को दरभंगा एसटीपीआई का प्रत्यक्ष भ्रमण करने का सुझाव दिया।

प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस महत्वपूर्ण संवाद के दौरान एसटीपीआई बेंगलुरु के निदेशक महादेश वी, वैज्ञानिक त्रिवेणी एनडी, अपर निदेशक अमित अरोड़ा और उपनिदेशक कुप्पुराज उपस्थित रहे।

इसके साथ ही एसटीपीआई दरभंगा के तकनीकी अधिकारी गौतम कुमार ने भी दरभंगा केंद्र पर उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं और बुनियादी ढांचे का ब्योरा उद्यमियों के समक्ष रखा। सभी अधिकारियों ने राज्य में आईटी इकोसिस्टम के विस्तार को लेकर उद्यमियों के प्रश्नों का तकनीकी समाधान प्रस्तुत किया।