नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी, दरभंगा स्नातक में 40 और शिक्षक क्षेत्र में 13 प्रत्याशी मैदान में
Bihar Legislative Council Darbhanga Election: दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी ...और पढ़ें

निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने तैयारियों का ब्योरा साझा किया।
HighLights
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 40 प्रत्याशी मैदान में।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे।
चुनाव के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
जागरण संवाददाता, दरभंगा। Darbhanga Graduate Teacher Election 2026: बिहार विधान परिषद के 05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त हो गई है।
इसके साथ ही अब चुनावी मुकाबला और प्रत्याशियों की स्थिति पूरी तरह साफ हो गई है। शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित प्रेसबार्ता के दौरान निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने तैयारियों का ब्योरा साझा किया।
स्नातक क्षेत्र में 40 प्रत्याशी
आयुक्त ने बताया कि 05-दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में नामांकन करने वाले सभी 40 अभ्यर्थियों के पर्चे जांच में सही पाए गए हैं।
वहीं दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में दाखिल कुल 14 नामांकनों में से 13 स्वीकृत किए गए हैं। जबकि मधुबनी जिले के एक प्रत्याशी का पर्चा जांच प्रक्रिया के दौरान खारिज कर दिया गया है।
लाखों मतदाता करेंगे वोट
स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,26,951 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें समस्तीपुर में सर्वाधिक 34,429, दरभंगा में 34,001, मधुबनी में 29,316 और बेगूसराय में 29,205 मतदाता शामिल हैं। दूसरी ओर, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,026 मतदाता हैं, जिनमें सबसे अधिक 2,800 मतदाता दरभंगा जिले में हैं।
बनाए गए पोलिंग बूथ
चुनाव को सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए चारों जिलों में कुल 138 स्नातक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें दरभंगा में 43, समस्तीपुर में 34, मधुबनी में 32 और बेगूसराय में 29 बूथ शामिल हैं। इसके अतिरिक्त शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए चारों जिलों को मिलाकर कुल 99 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
तैयारियां अंतिम चरण में
आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात होने वाले कर्मियों के प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। शेष बचे दो चरणों का प्रशिक्षण भी निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।
उन्होंने सभी सहायक निर्वाची पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया है।
