दरभंगा में जहां बेटियों की पढ़ाई रुक जाती थी, वहां अब खुल गया डिग्री कॉलेज
दरभंगा जिले के आठ ग्रामीण प्रखंडों में नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन किया गया है, जिससे हजारों छात्रों, विशेषकर ...और पढ़ें

राजकीय डिग्री महाविद्यालय,हनुमाननगर के शुभारंभ के मौके पर प्रभारी प्रधानाचार्य व अन्य । (पीआरडी)
HighLights
दरभंगा में आठ नए सरकारी डिग्री कॉलेजों का शुभारंभ।
हजारों ग्रामीण छात्रों, विशेषकर बेटियों को मिलेगा लाभ।
उच्च शिक्षा के लिए अब शहर जाने की आवश्यकता नहीं।
जागरण टीम, दरभंगा । जिले में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार को एक नया अध्याय जुड़ गया। जिले के आठ सुदूर और ग्रामीण प्रखंडों में नवस्वीकृत सरकारी डिग्री महाविद्यालयों का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने पटना से आनलाइन माध्यम से सभी नवस्वीकृत कालेजों का उद्घाटन किया गया।
इसके अंतर्गत दरभंगा के इन आठों प्रखंडों में भी शैक्षणिक गतिविधियों की औपचारिक शुरुआत हो गई। अब जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी, कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, किरतपुर, तारडीह, अलीनगर, हनुमाननगर एवं सिंहवाड़ा प्रखंडों के हजारों छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दरभंगा शहर या अन्य जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
गवर्नमेंट डिग्री कालेज, सिंहवाड़ा का उद्घाटन समारोह सनहपुर उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां फिलहाल इस कालेज का अस्थाई संचालन हो रहा है।
कार्यक्रम में जाले के विधायक जीवेश कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में डिग्री कालेजों की स्थापना सरकार की एक क्रांतिकारी और दूरदर्शी पहल है।
कालेज के प्रधानाचार्य प्रो. मुश्ताक अहमद और प्राध्यापक डा. मोहम्मद तस्लीम ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कालेज की पहली नामांकित छात्रा ललिता कुमारी का पाग और चादर ओढ़ाकर किया गया सम्मान रहा, जिसने वहां उपस्थित अन्य छात्राओं को बेहद प्रेरित किया।
गौड़ाबौराम और किरतपुर को मिला वर्षों के इंतजार का फल
वर्षों के लंबे इंतजार के बाद गौड़ाबौराम प्रखंड को भी अपना पहला डिग्री कालेज मिल गया है। आसी पंचायत स्थित प्लस टू उच्च विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में स्थानीय विधायक सुजीत कुमार ने फीता काटकर गवर्नमेंट डिग्री कालेज, गौड़ाबौराम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन भू-दाताओं को पाग और चादर देकर सम्मानित किया गया जिन्होंने कालेज के लिए अपनी जमीन दान की है।
गौड़ाबौराम के प्रभारी प्राचार्य डा. शमशाद अख्तर ने बताया कि फिलहाल 84 सीटों में से 54 पर नामांकन हो चुका है और हिंदी विषय के शिक्षक डा. अभिमन्यु कुमार राय की प्रतिनियुक्ति की गई है। वहीं, किरतपुर के जगसो डिग्री कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डा. दिलीप चौधरी ने बताया कि वहां भी छह विषयों में नामांकन शुरू हो चुका है।
कुशेश्वरस्थान और हनुमाननगर में दिखा उत्साह
कुशेश्वरस्थान और कुशेश्वरस्थान पूर्वी के छात्रों के लिए भी बुधवार का दिन किसी उत्सव से कम नहीं रहा। इन दोनों बाढ़ प्रभावित और सुदूर प्रखंडों के लिए मुख्यमंत्री ने भागलपुर से वर्चुअल माध्यम से कालेजों का उद्घाटन किया।
कुशेश्वरस्थान कालेज का संचालन फिलहाल उच्च माध्यमिक विद्यालय झझरा और पूर्वी कालेज का संचालन उच्च माध्यमिक विद्यालय बरनियां में किया जाएगा। दोनों प्रखंडों के 23 पंचायतों और एक नगर पंचायत के छात्रों, विशेषकर उन बेटियों को सबसे अधिक राहत मिलेगी जो सुरक्षा या आर्थिक तंगी के कारण आगे नहीं पढ़ पाती थीं।
उधर, हनुमाननगर प्रखंड के प्लस-टू कोलहंटा पटोरी उच्च विद्यालय परिसर में भी डिग्री कालेज की शुरुआत हुई। उद्घाटन के पहले ही दिन 22 छात्र-छात्राओं ने अपना नामांकन सुनिश्चित कराया।
प्रभारी प्राचार्य डा. मो. रहमतुल्लाह ने बताया कि कालेज की स्थापना से स्थानीय 14 पंचायतों के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में डा. मनोज कुमार वर्मा (अर्थशास्त्र) एकमात्र नियमित प्राध्यापक के रूप में और सुमन कुमार कश्यप लेखापाल के रूप में कार्यरत हैं।
अलीनगर व तारडीह में गूंजा बेटियों की शिक्षा का संकल्प
तारडीह प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय कुर्सो के प्रांगण में नवस्थापित कुर्सो डिग्री महाविद्यालय और अलीनगर राजकीय डिग्री कालेज का उद्घाटन अलीनगर की विधायक मैथिली ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया।
उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस कालेज में सबसे अधिक नामांकन बेटियों का हुआ है, जो इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को लेकर चेतना का नया संचार हुआ है। विधायक ने भूमि दान करने वाली अदिष्ठ रानी चौधराइन एवं उनके वंशजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कालेज के प्रभारी प्रधानाचार्य डा. सिद्धार्थ शंकर सिंह और डा. प्रभात रंजन कर्ण ने कहा कि यह संस्थान बच्चों के चरित्र और व्यक्तित्व निर्माण का मंदिर बनेगा।
प्रधानाचार्य सिद्धार्थ शंकर सिंह ने कहा कि कालेज के पहले ही सत्र में 68 विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है, जिनमें 57 छात्राएं शामिल हैं।बता दें कि कुर्सो डिग्री महाविद्यालय में हिंदी में 24, इतिहास में 18 और राजनीति विज्ञान में चार छात्रों का नामांकन हो चुका है।
प्रारंभिक चुनौतियां और भविष्य की राह
हालांकि, इन सभी नवस्थापित महाविद्यालयों में प्रारंभिक चरण में कई बुनियादी सुविधाएं और शिक्षकों की कमी एक बड़ी चुनौती के रूप में सामने खड़ी है।
फिलहाल सभी कालेजों में केवल कला संकाय के छह विषयों- हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र एवं अर्थशास्त्र की पढ़ाई शुरू की गई है।
जगसो, हनुमाननगर और अन्य जगहों पर चहारदीवारी, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला, इंटरनेट, दिव्यांगों के लिए रैंप, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को पूरी तरह दुरुस्त करना अभी बाकी है।
