विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में परीक्षा के दौरान दो छात्राएं बेहोश, पंखा नहीं होने पर प्राचार्य दो घंटे बंधक

Published: Wed, 12 Aug 2026 10:07 PM (GMT+05:30)

दरभंगा के बहेड़ा कॉलेज में परीक्षा के दौरान गर्मी से दो छात्राएं बेहोश हुईं, जिसके बाद छात्राओं ने पंखे न ...और पढ़ें

भीषण गर्मी के बीच परीक्षा दे रहीं दो छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। (AI Generated Image)

भीषण गर्मी के बीच परीक्षा दे रहीं दो छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई। (AI Generated Image)

संवाद सहयोगी, बेनीपुर (दरभंगा)। Darbhanga Exam Room Heat: बहेड़ा कालेज, बहेड़ा में बुधवार को स्नातक चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण दो छात्राएं बेहोश हो गईं।

इससे आक्रोशित छात्राओं ने कालेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। छात्राओं ने प्राचार्य डा. विनोदानंद चौधरी को करीब दो घंटे तक उनके कक्ष में बंधक बनाए रखा।

छात्राओं ने बताया कि परीक्षा कक्षों में पंखे की कोई व्यवस्था नहीं है, जबकि प्राचार्य के कार्यालय में पंखा चल रहा था। भीषण गर्मी के बीच परीक्षा दे रहीं दो छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई।

आनन-फानन में उनके चेहरे पर पानी का छिड़काव किया गया और उन्हें प्राचार्य के कक्ष में लाकर होश में लाया गया। छात्राओं का कहना था कि बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के बैठने के बावजूद परीक्षा कक्षों में बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

हंगामे और आक्रोश की सूचना मिलने पर कालेज के सचिव डा. दिलीप चौधरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्राओं से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कालेज सचिव ने परीक्षा कक्षों में तत्काल पंखे और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का लिखित एवं मौखिक आश्वासन दिया। इसके बाद छात्राओं ने प्राचार्य को मुक्त कर दिया।

शिवहर में चार बच्चियां बेहोश

शिवहर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिला प्रशासन की ओर से निकाली गई तिरंगा यात्रा में शामिल होकर लौट रहीं स्काउट गाइड की चार बच्चियां तेज धूप के चलते शहर के जीरोमाइल चौक पर बेहोश हो गईं। बच्चियों को सड़क पर गिरते देख सहयोगियों ने स्थानीय लोगों की मदद से सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डा. अभिषेक दयाल ने उनका इलाज किया।

स्काउट गाइड के कमांडेंट अजय कुमार सिंह ने बताया कि आयुषी कुमारी, पूजा कुमारी, नीतू कुमारी और सोनाली इलाज के बाद ठीक हैं। तेज धूप के कारण यात्रा से लौटने के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ी थी।