दरभंगा में एलिवेटेड सड़क कारिडोर का रास्ता साफ, शहरवासियों को मिलेगी जाम से राहत
दरभंगा में एकमी-दोनार एलिवेटेड सड़क कॉरिडोर और फेज-दो परियोजना के निर्माण में तेजी लाने के लिए प्रशासन अतिक्रमण हटा रहा ...और पढ़ें

आयुक्त कार्यालय के दीवार को तोड़कर नए दीवार का कराया जा रहा है निर्माण। सौजन्य- जागरण
HighLights
एलिवेटेड सड़क कॉरिडोर निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं।
व्यवहार न्यायालय, आयुक्त कार्यालय परिसर भी प्रभावित हो रहे हैं।
गांधी स्मारक स्तंभ और व्यापारिक हितों का ध्यान रखा जाएगा।
जागरण संवाददाता, दरभंगा । जिले में बन रहे महत्वाकांक्षी एकमी-दोनार एलिवेटेड सड़क कारिडोर और फेज- दो सैदनगर से लहेरियासराय परियोजना के निर्माण को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
सड़क एलाइनमेंट और चौड़ीकरण के दायरे में आने वाले प्रमुख सरकारी परिसरों व जमीनों को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। सड़क चौड़ीकरण की जद में व्यवहार न्यायालय परिसर का कुछ हिस्सा आ रहा है, जिसका निरीक्षण हाल ही में जिलाधिकारी और जिला जज द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
वहीं आयुक्त कार्यालय परिसर की पुरानी बाउंड्री वाल को हटाकर लगभग सात फीट अंदर नई दीवार का निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा लोहिया चौक, पंडासराय और एकमी बाईपास के पास स्थित सरकारी व गैर-मजरूआ जमीनों को चिन्हित कर खाली करा लिया गया है।
तकनीकी एलाइनमेंट के तहत लहेरियासराय टावर और गांधी स्मारक स्तंभ के प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, 'गांधी स्मारक स्तंभ रखरखाव समिति' के शिष्टमंडल से वार्ता के दौरान जिलाधिकारी कौशल कुमार ने आश्वस्त किया है कि ऐतिहासिक धरोहर की गरिमा सुरक्षित रखने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी प्रयास किए जाएंगे।
दूसरी ओर, जिला परिषद की दुकानें प्रभावित होने से स्थानीय दुकानदारों में रोजगार को लेकर चिंता बनी हुई है। शहरवासियों का कहना है कि विकास कार्यों के साथ-साथ दरभंगा की पुरानी पहचान और व्यापार का ध्यान रखा जाना चाहिए।
एलिवेटेड सड़क कारिडोर परियोजना के निर्माण कार्यों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के लिए अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा। साथ ही ऐतिहासिक धरोहरों और जनता की सुगमता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। टावर या बड़े कार्यालयों के विस्थापन को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
- कौशल कुमार, जिलाधिकारी, दरभंगा
