दरभंगा में मीटर से छेड़छाड़ कर कोल्ड स्टोरेज में 1.50 करोड़ का पावर थेफ्ट
दरभंगा के बहेड़ी स्थित केदार नाथ कोल्ड स्टोरेज में बिजली विभाग ने 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की बिजली चोरी ...और पढ़ें

अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
केदार नाथ कोल्ड स्टोरेज में 1.5 करोड़ की बिजली चोरी।
मीटर सील से छेड़छाड़ कर की जा रही थी चोरी।
आरोपी हरेंद्र ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज।
पंचायत सूत्र, बहेड़ी (दरभंगा)। Darbhanga Electricity Theft News: बहेड़ी थाना क्षेत्र स्थित 'केदार नाथ कोल्ड स्टोरेज' परिसर में छापेमारी कर विद्युत विभाग की टीम ने डेढ़ करोड़ से अधिक की बिजली चोरी का पर्दाफाश किया है।
विभाग की जांच में कुल 1,50,54,541 रुपये की विशाल बिजली चोरी पकड़ी गई है। इस गंभीर मामले में विभाग की ओर से बहेड़ी थाने में आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
मीटर सील से छेड़छाड़
गुप्त सूचना के आधार पर आठ अक्टूबर को विद्युत विभाग की उच्चस्तरीय टीम ने कोल्ड स्टोरेज परिसर में औचक छापेमारी की थी। जांच के दौरान पाया गया कि उपभोक्ता हरेंद्र कुमार ठाकुर द्वारा मीटर सील से छेड़छाड़ कर विद्युत ऊर्जा की चोरी की जा रही थी। इस अवैध कार्य से नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड को भारी राजस्व की क्षति पहुंची है।
अधिकारियों की मौजूदगी में रेड
कार्रवाई के दौरान एसटीएफ मुख्यालय पटना के विद्युत कार्यपालक अभियंता संजय कुमार सिंह और दरभंगा एसटीएफ के प्रशांत कुमार पंडित मौजूद थे। इनके साथ दरभंगा ग्रामीण के कार्यपालक अभियंता केशव कुमार, कनीय अभियंता सुदर्शन राज और बहेड़ी के कनीय अभियंता मिट्ठू कुमार भी शामिल रहे। बहेड़ी के सहायक विद्युत अभियंता राहुल रंजन के आवेदन पर थाने में मामला दर्ज कराया गया।
उपभोक्ताओं से संयम की अपील
विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार एवं सहायक विद्युत अभियंता राहुल रंजन ने उपभोक्ताओं से व्यावसायिक नैतिकता का पालन करने की अपील की है। उन्होंने अल्पकालिक लाभ के लालच से बचने की सलाह दी है। इसके अलावा अधिकारियों ने आगामी त्योहारों को सुरक्षित तरीके से मनाने और बिजली उपकरणों से उचित दूरी बनाए रखने का संदेश भी दिया।
वहीं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत प्रशाखा हथौड़ीडीह के कनीय अभियंता राम प्रवेश कुमार ने बिजली चोरी का मामला दर्ज कराया है।उन्होंने सर्विस वायर काटकर मीटर को बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जांच में पकड़ी चोरी
विद्युत विभाग की जांच टीम ने 5 अक्टूबर को बहेड़ी थाना क्षेत्र के जोरजा गांव स्थित लक्ष्मीपुर में छापेमारी की थी। जांच के दौरान मो. आसिफ अंसारी के घरेलू परिसर में सर्विस वायर काटकर मीटर को बायपास पाया गया। आरोपी उपभोक्ता बिना मीटर के ही सीधे अवैध रूप से बिजली का उपभोग कर रहा था।
राजस्व की हुई क्षति
मीटर बायपास कर की जा रही इस बिजली चोरी से विभाग को 15,818 रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ है। बहेड़ी थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि कनीय अभियंता के आवेदन पर विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
