विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में बिजली बिल से राहत की राह आसान, पीएम सूर्य घर योजना में जल्द मिलेगा लोन

Published: Fri, 28 Aug 2026 03:28 PM (IST)

दरभंगा में जिलाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर प्लांट के लिए ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन का ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।

HighLights

  1. जिलाधिकारी ने बैंकों को ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।

  2. उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने हेतु आसानी से बैंक ऋण मिलेगा।

  3. पीएम सूर्य घर योजना से सौर ऊर्जा अपनाने को प्रोत्साहन मिलेगा।

जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिजली बिल से राहत और घर की छत पर सौर ऊर्जा का लाभ लेने की राह अब और आसान होगी। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने के इच्छुक उपभोक्ताओं को बैंक से ऋण मिलने में देरी नहीं होगी।

योजना को गति देने के लिए जिलाधिकारी कौशल कुमार ने राष्ट्रीयकृत बैंकों को ऋण आवेदनों के त्वरित निष्पादन और पात्र लाभुकों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

सोलर प्लांट लगाने में नहीं आएगी पैसे की बाधा

जिलाधिकारी ने गुरुवार को अपने कार्यालय कक्ष में राष्ट्रीयकृत बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जो उपभोक्ता अपने घर पर सोलर प्लांट लगाना चाहते हैं, उन्हें बैंकिंग सुविधा आसानी से उपलब्ध कराई जाए। ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।

लंबित ऋण आवेदनों का जल्द होगा निष्पादन

बैठक में योजना के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों की स्थिति पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों के ऋण को स्वीकृत और वितरित किया जाए। इससे उपभोक्ताओं को सोलर प्लांट लगाने में आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

सौर ऊर्जा अपनाने को मिलेगा बढ़ावा

जिलाधिकारी ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उद्देश्य आम उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। घर की छत पर सोलर प्लांट लगाकर उपभोक्ता बिजली की जरूरत का एक हिस्सा स्वयं पूरा कर सकेंगे। इससे पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलेगी।

बैंक और बिजली विभाग में बेहतर समन्वय

बैठक में बैंक स्तर पर आ रही समस्याओं और ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों को तेजी से निपटाने को कहा।

लाभुकों को मिलेगी तकनीकी जानकारी

विद्युत विभाग के अधिकारियों को बैंकों के साथ समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही लाभुकों को योजना से जुड़ी तकनीकी और प्रक्रियागत जानकारी समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि आवेदन से लेकर सोलर प्लांट लगाने तक की प्रक्रिया में उन्हें परेशानी न हो।