विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में ड्राइविंग टेस्ट की बारी आई तो ट्रैक पर लटका मिला ताला, कादिराबाद में व्यवस्था बेपटरी

Published: Thu, 01 Oct 2026 06:06 PM (IST)

Darbhanga driving test : दरभंगा के कादिराबाद स्थित ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक अक्सर बंद मिलता है, जिससे लाइसेंस बनवाने आए आवेदक ...और पढ़ें

डाइविंग टेस्टिंग ट्रैक के गेट पर लटका ताला। जागरण

डाइविंग टेस्टिंग ट्रैक के गेट पर लटका ताला। जागरण 

HighLights

  1. कादिराबाद ड्राइविंग ट्रैक पर अक्सर ताला, आवेदक निराश लौटते हैं।

  2. लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोगों को टेस्ट से पहले परीक्षा देनी पड़ रही।

  3. एमवीआई के स्थानांतरण के बाद से ट्रैक की व्यवस्था लचर हुई।

संवाद सहयोगी, दरभंगा। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की उम्मीद लेकर कादिराबाद स्थित डाइविंग टेस्टिंग ट्रैक पहुंचने वाले आवेदकों को इन दिनों टेस्ट से पहले ही परीक्षा देनी पड़ रही है।

ट्रैक के मुख्य द्वार पर ताला देखकर आवेदक इधर-उधर पूछताछ करते हैं और अंत में निराश होकर लौट जाते हैं। परिवहन विभाग की इस महत्वपूर्ण व्यवस्था की बदहाली का असर सीधे लाइसेंस बनवाने पहुंचे लोगों पर पड़ रहा है।

मुख्य द्वार पर अक्सर लटका रहता ताला

कादिराबाद स्थित परिवहन विभाग के डाइविंग टेस्टिंग ट्रैक की व्यवस्था इन दिनों पूरी तरह लचर हो गई है। आवेदक निर्धारित प्रक्रिया के तहत टेस्ट देने पहुंचते हैं, लेकिन कई बार मुख्य द्वार बंद मिलता है। ट्रैक खुलने और टेस्ट होने की जानकारी के लिए उन्हें आसपास के लोगों से पूछताछ करनी पड़ती है।

ट्रैक के बाहर भी गंदगी का अंबार

नियमित निगरानी के अभाव में ट्रैक के बाहर भी अव्यवस्था बढ़ती जा रही है। मुख्य द्वार के सामने लोग कूड़ा-कचरा फेंक रहे हैं। इससे आसपास गंदगी पसरी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार सफाई और निगरानी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति लगातार खराब हो रही है।

ट्रैक के आसपास का हिस्सा भी बदहाल है। आसपास के होटल और स्थानीय लोगों की ओर से परिसर के आसपास के हिस्से को पेशाब करने के स्थान के रूप में इस्तेमाल किए जाने की शिकायत है। इससे यहां आने वाले आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

एमवीआई के स्थानांतरण के बाद बिगड़ी व्यवस्था

पहले ट्रैक पर मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) की नियमित ड्यूटी रहती थी। उनकी मौजूदगी में आवेदकों का ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता था। मोटरयान निरीक्षकों के स्थानांतरण के बाद से ट्रैक की व्यवस्था प्रभावित बताई जा रही है। लोगों का कहना है कि विभागीय स्तर पर नियमित निरीक्षण नहीं होने से समस्या बढ़ती गई।

जल्द निरीक्षण का दावा

इस संबंध में डीटीओ रवि कुमार ने बताया कि जल्द ही डाइविंग टेस्टिंग ट्रैक का निरीक्षण किया जाएगा। व्यवस्था में जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।