विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दरभंगा में डीएम का सख्त आदेश, आवेदन लौटाने वाले राजस्व कर्मी को निलंबित करने का निर्देश

Published: Sun, 31 May 2026 09:12 PM (IST)

दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने राजस्व कार्यों की समीक्षा की और बेनीपुर व बहेड़ी प्रखंडों के अंचलाधिकारियों को लंबित ...और पढ़ें

बैठक को संबोधित करते डीएम कौशल कुमार व अन्य। फोटो-जिला प्रशासन

बैठक को संबोधित करते डीएम कौशल कुमार व अन्य। फोटो-जिला प्रशासन

जागरण संवाददाता, दरभंगा । जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में रविवार को बेनीपुर और बहेड़ी प्रखंड के सभी अंचलों के राजस्व कार्यों की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सभी अंचलाधिकारियों को राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी आवेदनों को शीघ्र पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया।

सभी अंचलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन सात जून तक हर हाल में करना है।

समीक्षा के दौरान यह तथ्य सामने आया कि एक राजस्व कर्मचारी द्वारा आवेदक के सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध रहने के बावजूद आवेदन को वापस कर दिया गया था।

इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। अपर समाहर्ता (राजस्व) को संबंधित राजस्व कर्मचारी को निलंबित करने की कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

साथ ही अपर समाहर्ता (राजस्व) एवं संबंधित डीसीएलआर को संयुक्त रूप से समिति गठित कर मामले की जांच करने का निर्देश दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी राजस्व कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन आवेदनों में दस्तावेजों की कमी हो, उनमें आवेदकों से आवश्यक अभिलेख मंगाकर नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि राजस्व मामलों के निवारण में किसी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनावश्यक विलंब के लिए संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे। उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिक से अधिक फार्मर आइडी बनाने का निर्देश 

बैठक में फार्मर रजिस्ट्री की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने विशेष अभियान के दिन अधिक से अधिक किसानों का परिमार्जन कार्य पूर्ण कराने तथा उनकी फार्मर रजिस्ट्री आइडी बनाने का निर्देश दिया।

कहा कि फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से किसानों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी एवं कृषि संबंधी योजनाओं का लाभ प्राप्त होगा, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पंचायत में किसानों की पहचान कर विशेष अभियान के माध्यम से उनकी फार्मर रजिस्ट्री आइडी बनाना सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने जमाबंदी सुधार के लिए आए आवेदनों के शीघ्र निष्पादन का भी निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व) मनोज कुमार, डीसीएलआर सदर संजीत कुमार, डीसीएलआर बेनीपुर अविनाश कुमार सिंह के अलावा सभी अंचलाधिकारी भी मौजूद थे।